सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बचे भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी, ट्रक ने गाड़ी में मारी जोरदार टक्कर, ट्रक चालक ने दी धमकी

भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी की गाड़ी को एक बेकाबू हैवी ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि गाड़ी का पिछला हिस्सा पूरी तरह डैमेज हो गया। लेकिन गाड़ी में बैठे भाजपा नेता, उनका बेटा और चालक किसी तरह बाहर निकलकर सुरक्षित बच निकले।

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वैशाली मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार की शाम उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी की गाड़ी को एक बेकाबू हैवी ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि गाड़ी का पिछला हिस्सा पूरी तरह डैमेज हो गया। लेकिन गाड़ी में बैठे भाजपा नेता, उनका बेटा और चालक किसी तरह बाहर निकलकर सुरक्षित बच निकले। भाजपा नेता मानसिंह गोस्वामी मेरठ स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय से अपने घर दिलशाद एक्सटेंशन द्वितीय, साहिबाबाद लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी वैशाली मेट्रो स्टेशन के फुटओवर ब्रिज के नीचे पहुंची, तभी हरियाणा नंबर (एचआर-58-डी-5898) का एक भारी ट्रक तेज रफ्तार से आया और पिछला टायर उनकी गाड़ी की बॉडी पर चढ़ा दिया। हादसे में गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दुर्घटना में बाल बाल बचे भाजपा नेता मान सिंह गोस्वामी ने कहा कि हम लोग घर लौट रहे थे। अचानक पीछे से आए ट्रक ने गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। ईश्वर की कृपा रही कि समय रहते गाड़ी से बाहर निकल गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इतना बड़ा वाहन होने के बावजूद ट्रक चालक ने न सिर्फ लापरवाही की, बल्कि साइड लगाने को कहने पर धमकी दी और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। भाजपा नेता ने तुरंत मामले की सूचना थाना लिंक रोड के एसएचओ और ट्रैफिक डीसीपी को दी। बाद में उन्होंने ट्रक नंबर एचआर-58-डी-5898 के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। गोस्वामी ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रक चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और इस तरह की लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस हादसे में भाजपा नेता, उनका बेटा और ड्राइवर की जान तो बच गई, लेकिन गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।