भाजपा के प्रदर्शनी में संघर्ष से सत्ता की गाथा की झलकियां: नरेंद्र कश्यप

-भाजपा के 45वें स्थापना दिवस पर भव्य प्रदर्शनी, संघर्ष से सत्ता तक की यात्रा प्रदर्शित

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को नेहरू नगर स्थित पार्टी कार्यालय में एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का शुभारंभ स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने की। प्रदर्शनी में पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 से लेकर अब तक के राजनीतिक लोकतांत्रिक सफर और राष्ट्रहित में किए गए ऐतिहासिक कार्यों की झलकियां प्रस्तुत की गईं। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि यह प्रदर्शनी भाजपा के संघर्षों, राष्ट्रवाद, और देशहित में लिए गए निर्णयों की गाथा को दर्शाती है।

इसमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचार, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के पोखरण परमाणु परीक्षण, कारगिल विजय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत, अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक, सीएए और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक क्षणों को शामिल किया गया है। प्रदर्शनी में भाजपा की विचारधारा, राष्ट्र को सर्वोपरि मानने का संदेश और अन्य राजनीतिक दलों से अलग होने की पहचान को भी उजागर किया गया। सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, नेताओं और गणमान्य लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि यह प्रदर्शनी कार्यकर्ताओं को पार्टी के गौरवशाली इतिहास से जोडऩे और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को समझाने का माध्यम है। कार्यक्रम में अमरदत्त शर्मा, साहिब सिंह सिरोही, सुभाष शर्मा, बॉबी त्यागी, गुंजन शर्मा, तरुण शर्मा, कामेश्वर त्यागी, संजीव चौधरी, प्रीति चंद्रा, बीएल गौतम, अश्वनी शर्मा, प्रदीप चौधरी, करण शर्मा, अभिनव जैन, अमित रंजन, बलप्रीत सिंह, हरमीत बक्शी, जय कमल अग्रवाल, रॉबिन तोमर, लेखराज माहौर, सचिन, अमित प्रताप सिंह, नीरज त्यागी, राहुल तोमर, विनीत शर्मा, सुधीर त्यागी, मोनू त्यागी और अंकुश अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।