-श्रमिकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित,
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत निर्माण श्रमिकों को सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को जीटी रोड स्थित आरके बैंक्वेट हॉल में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक संजीव शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े श्रमिकों के आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने गिग वर्कर्स का अधिक से अधिक पंजीयन कराने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में उप श्रमायुक्त अनुराग मिश्रा, मंडल अध्यक्ष विजयनगर पवन शर्मा, सहायक श्रमायुक्त वीरेन्द्र कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी संदीप कुमार सिंह, डॉ. रूपाली और निर्माण साइट से जुड़े सुभाष भट्टी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। उप श्रमायुक्त अनुराग मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत संचालित योजनाओं को श्रमिकों तक पहुंचाने और उन्हें जागरूक करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उन्होंने श्रमिकों से ऑनलाइन आवेदन करने और पंजीयन कराने की अपील की। सहायक श्रमायुक्त वीरेन्द्र कुमार ने अटल आवासीय विद्यालय योजना के लाभ के बारे में जानकारी दी, जबकि श्रम प्रवर्तन अधिकारी संदीप कुमार सिंह ने पंजीकरण की प्रक्रिया, पात्रता और कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी श्रमिकों को दी। कार्यक्रम में विधायक संजीव शर्मा ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कुल 12 लाभार्थियों को 8.08 लाख रुपए की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए। इनमें मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के तीन, प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन पेंशन योजना के दो, कन्या विवाह सहायता योजना के पांच और निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के दो लाभार्थी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रम प्रवर्तन अधिकारी डॉ. रूपाली ने किया। अंत में उप श्रमायुक्त अनुराग मिश्रा ने उपस्थित निर्माण श्रमिकों से अपील की कि यदि पंजीकरण में किसी प्रकार की समस्या आ रही हो तो वे लोहिया नगर स्थित उप श्रमायुक्त कार्यालय में संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
















