शहर में निर्माण कार्यों की आई बहार, बढ़ी विकास कार्यों की रफ्तार

-गुणवत्ता के साथ शहर में जारी है सड़कों के निर्माण: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। शहर में विकास के लिए निर्माण कार्य तेजी से कराए जा रहे है। इन कार्यों के पूरा होने पर विकास की खुशी मिलेगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का कहना है कि गुणवत्ता के साथ जनहित में बेहतर तरीके से निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। 15वें वित्त आयोग के फंड के अलावा नगर निगम निधि, एयर क्वालिटी, स्वच्छ भारत मिशन व अन्य के माध्यम से सड़कों के निर्माण कार्य जारी हैं। नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी स्वयं निर्माण स्थल पर खड़े होकर जायजा ले रहे है। चीफ इंजीनियर ने अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी, अवर अभियंता राजेंद्र कुमार सिंह के साथ सड़क के निर्माण कार्य का जायजा लिया। नगर आयुक्त के निर्देश पर गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए शहर में मुख्य मार्गों से लेकर औद्योगिक क्षेत्र, वार्डों में पार्षदों से समन्वय कर सड़कों के निर्माण कराए जा रहे है। नगर निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्र में 15वें वित्त आयोग के फंड से कराए जाने वाले विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।

कविनगर जोन क्षेत्र में वार्ड-84 में पिंक टॉयलेट से लेकर हिंट चौक तक लगभग 600 मीटर सड़क का 63 लाख रुपए में निर्माण कराया गया। मोहन नगर जोन क्षेत्र के वार्ड-73 में शालीमार गार्डन एक्सटेंशन में रविवार मार्केट करीब 600 मीटर लंबी सड़क का करीब 37 लाख में निर्माण कराने की तैयारी है। वार्ड-80 में 800 मीटर लंबी सड़क का लगभग 48 लाख में निर्माण होगा। सिटी जोन अंतर्गत वार्ड-59 नवयुग मार्केट में 1.65 करोड़ रुपए की लागत से 900 मीटर सड़क का निर्माण कार्य होगा। वार्ड-96,वार्ड-8 कालका गढ़ी चौक से सड़क का करीब 51 लाख रुपए की लागत से निर्माण शुरू हो गया। वार्ड-50 गार्बेज फैक्ट्री सिहानी रोड 800 मीटर सड़क का एक करोड़ रुपए की लागत से निर्माण होगा। वसुंधरा जोन अंतर्गत वार्ड-54 सेक्टर-3 वसुंधरा, वार्ड-61 सेक्टर-4 की मुख्य कई सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका हैं। यह तीन करोड़ में सड़क बनाई गई।

विजयनगर जोन अंतर्गत निगम निधि के तहत वार्डों में सड़कों के निर्माण की तैयारी की जा रही है। महापौर सुनीता दयाल व नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक के नेतृत्व में ससमय गुणवत्ता पूर्ण विकास कार्यों को संपन्न कराने की कार्रवाई जारी है। इसमें वार्डों की सड़कों से लेकर मुख्य मार्गों के निर्माण कराए जा रहे हैं।
नगर आयुक्त का कहना है कि 15वें वित्त आयोग से नगर निगम के पांचों जोनों के क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे है। साथ ही निर्माण कार्य में निर्माण सामाग्री की गुणवत्ता को भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिसकी निगरानी भी जा रही है। साथ ही अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए है निर्माण कार्य की जांच के लिए खुद मौके पर पहुंच कर उसकी जांच करें। निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी सूरत में समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। वह समय समय पर सड़क की गुणवत्ता का निरीक्षण करते रहेंगे।