प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में ठग गैंग का खुलासा

सेना में भर्ती के नाम पर ठगी, सरगना गिरफ्तार

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सेना में भर्ती करने के नाम पर ठगी करने में माहिर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस गिरोह का नेटवर्क बिहार तक फैला मिला है। बाकी सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है। इस गिरोह ने बिहार के युवक से 28 लाख रुपए ऐंठ लिए थे। पुलिस के मुताबिक सेना भर्ती के नाम पर ठगी के केस में लल्लन यादव को गिरफ्तार किया है। वह वाराणसी के पहडिय़ा क्षेत्र का रहने वाला है। वह इस गिरोह का सरगना भी है। वह सेना में भर्ती के नाम पर भोल-भाले युवाओं के साथ ठगी करता था। चंगुल में फंसे युवाओं को वह फर्जी नियुक्ति पत्र भी देता था। बिहार निवासी दीपक कुमार ने इस संबंध में वाराणसी पुलिस से शिकायत की थी। पीडि़ता से पूछताछ करने के बाद पुलिस को लल्लन यादव के विषय में जानकारी मिली। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी लल्लन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक (नगर) विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक सेना में भर्ती के नाम पर लल्लन बाकायदा ठगी का गैंग चलाता था। इस गैंग में सभी ठगों की अलग-अलग जिम्मेदारी थी। गैंग के तार बनारस से बिहार तक फैले हैं। बिहार निवासी दीपक ने वाराणासी के सिगरा थाना में एफआईआर दर्ज कराई थी। मुख्य आरोपी लल्लन ने दीपक से नियुक्ति के नाम से 28 लाख रुपये वसूले थे। इसके बदले दीपक को सेना में भर्ती का फर्जी ज्वाइनिंग पत्र भी दे दिया था। फर्जीवाड़े के बारे में मालूम पडऩे पर पीडि़त ने पुलिस से संपर्क साधा। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए लल्लन यादव के साथ गिरोह में कितने सदस्य हैं, इसकी जानकारी की जा रही है। बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस को अंदेशा है कि यह गिरोह कई बेरोजगार युवाओं को चूना लगा चुका है।