ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई अभियान तेज, उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण ने कसी कमर ACEO सौम्य श्रीवास्तव बोले उद्यमियों को सुविधाएं देने के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध

-ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में जल्द दिखेगा बदलाव, प्राधिकरण ने सफाई से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार पर दिया जोर
-उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित बैठकें होंगी
– औद्योगिक सेक्टरों में सफाई व्यवस्था सुधारने के दिए गए निर्देश
– सूरजपुर-कासना रोड की मरम्मत जल्द, टेंडर प्रक्रिया जारी
– गांवों के सीवर कनेक्शन की समस्या का जल्द होगा समाधान

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक सेक्टरों की सफाई व्यवस्था सुधारने और उद्यमियों की समस्याओं को हल करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अब उद्यमियों और प्राधिकरण के बीच नियमित बैठकें होंगी, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान तेजी से किया जा सके। इस कड़ी में सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ग्रेटर नोएडा चैप्टर के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने की, जिसमें ओएसडी नवीन कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान आईआईए प्रतिनिधियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को लेकर चिंता जताई और इसे दुरुस्त करने की मांग की। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक सन्नी यादव को औद्योगिक सेक्टरों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए। बैठक में वरिष्ठ प्रबंधक मनोज सचान, उद्योग विभाग के प्रबंधक अरविंद मोहन सिंह, आईआईए के राष्ट्रीय सचिव विशारद गौतम, आईआईए ग्रेटर नोएडा चैप्टर के चेयरमैन राकेश बंसल, जेड रहमान, मुकेश गुप्ता, अमित शर्मा, चंचल कुमार, रविंदर सिरोही समेत कई उद्यमी और अधिकारी मौजूद रहे।
————–
सड़क और सीवर समस्याओं पर भी चर्चा, जल्द होगा समाधान
बैठक में सूरजपुर-कासना रोड की खस्ताहाल स्थिति को लेकर भी चर्चा हुई। प्राधिकरण की परियोजना टीम ने बताया कि सड़क मरम्मत के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा, गांवों के सीवर कनेक्शन की समस्या को लेकर भी उद्यमियों ने अपनी चिंता जताई। प्राधिकरण ने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में सीवर कनेक्शन की समस्या का समाधान किया जाएगा, जिससे ग्रामीण इलाकों से जुड़े औद्योगिक सेक्टरों को राहत मिलेगी।

सौम्य श्रीवास्तव, एसीईओ
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण उद्योगों के विकास और उद्यमियों को सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हम चाहते हैं कि उद्यमियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो और उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्रता से किया जाए। इसी उद्देश्य से अब नियमित बैठकों का आयोजन किया जाएगा, ताकि उनकी चिंताओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा सके। औद्योगिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, सड़क मरम्मत और सीवर कनेक्शन जैसी समस्याओं का समाधान तेजी से किया जाएगा, जिससे उद्योगों को बेहतर माहौल मिल सके।
सौम्य श्रीवास्तव, एसीईओ
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण