शीतलहर से बढ़ी ठिठुरन, नगर निगम के अलाव बने सहारा

-उद्यान विभाग ने 75 स्थानो पर कराई अलाव की व्यवस्था, राहगीरों को मिली राहत

गाजियाबाद। मौसम के करवट लेने के साथ ही शीतलहर से ठिठुरन बढ़ गई। दिन में सूर्यदेव भी ठंड का गुरूर नहीं तोड़ सके। ठंडी हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम होते ही ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। ठंड से राहगीरों को राहत दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा कई स्थानों पर अलाव की शुरुआत कराई। निगम के कर्मचारियों द्वारा नगर निगम के पांचों जोन में करीब 75 जगह पर लकड़ी डालकर अलाव की व्यवस्था की गई।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का कहना है कि राहगीरों को ठंड से बचाने के लिए शुरू किए गए अलाव धीरे-धीरे और बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने स्वयं कई स्थानों पर अलाव का निरीक्षण किया। रैन बसेरों का भी नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है ताकि वहां ठहरने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो। पिछले दो दिन में ही तापमान काफी घट गया है। पारा थोड़ा और गिरा तो गरीब-असहाय लोगों का जीना मुश्किल हो जाएगा।

धूप न निकलने व ठंडी हवाओं के कारण परेशानी बढ़ गई है। बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर निगम सीमा अंतर्गत अलाव की व्यवस्था को नगर आयुक्त के आदेश पर बढ़ा दिया गया है। पांचो जोन में सार्वजनिक स्थानों पर ठंड से बचाव के लिए अलाव लगभग 30 स्थान पर डाला जा रहा था। वर्तमान में नगर आयुक्त ने बढ़ती शीत लहर को देखते हुए राहगीरों की सहूलियत के लिए अलाव व्यवस्था के स्थान की संख्या बढ़ा दी गई है, नगर निगम उद्यान विभाग द्वारा लगभग 75 स्थान पर अलाव डाला जा रहा है, जिससे राहगीरों वहां अस्थाई रूप से रुकने वाले निवासियों को ठंड से राहत मिल रही है। नगर निगम के अधिकारी गण बढ़ती ठंड में व्यवस्थाओं को संभालने में लगे हुए हैं। निराश्रित लोगों के लिए आश्रय स्थल भी व्यवस्थित किए गए हैं।

जिसमे प्रतिदिन जोनल प्रभारी अपने-अपने जोन में व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। जिसकी मॉनिटरिंग नगर आयुक्त द्वारा की जा रही है। स्थाई एवं अस्थाई रूप से बने आश्रय स्थलों में दर्जनों की संख्या में निराश्रित रख रहे हैं। अलाव की व्यवस्था से भी ठंड से राहत मिल रही है। नगर निगम उद्यान विभाग द्वारा मोहन नगर जोन अंतर्गत 10 स्थान पर, कवि नगर जोन के अंतर्गत 20 स्थान पर, सिटी जोन में 22 स्थान पर, विजयनगर जोन में 15 स्थान पर, वसुंधरा जोन में लगभग 8 स्थानों पर अलाव के लिए लकड़ी डलवाई गई।

उद्यान विभाग अलाव व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहा है। नया बस अड्डा, पुराना बस अड्डा, रेलवे स्टेशन साहिबाबाद, रेलवे स्टेशन गाजियाबाद, नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन, व अन्य सार्वजनिक स्थान सहित रैन बसेरों पर अलाव की व्यवस्था कराई गई है। नगर निगम नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व रैन बसेरों की व्यवस्था, अलाव की व्यवस्था पर वर्तमान में विशेष जोर दे रहा है। राहगीरों तथा आश्रय स्थलों में ठहरे हुए आश्रितों को ठंड से बचाव हो सके इसका विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ठंड को देखते हुए लगातार व्यवस्था को भी बढ़ाया जा रहा है, जो की सराहनीय है।