सम्पूर्ण समाधान में शिकायत लेकर पहुंचे फरियादी, डीएम ने सुनी समस्या

-हमारी प्राथमिकता हर कार्य समय से हो गुणवत्तापूर्ण संपन्न: इन्द्र विक्रम सिंह

गाजियाबाद। जनपद की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मोदीनगर तहसील में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। जिसमें 67 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण हुआ। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, सीएमओ अखिलेश मोहन, एसडीएम डॉ. पूजा गुप्ता सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे। लोनी तहसील में एसडीएम राजेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में 51 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से मौके पर 4 शिकायतों का निस्तारण हुआ। इस मौके पर एसीपी लोनी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

सदर तहसील में एसडीएम सदर अरुण दीक्षित की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस मनाया गया। जिसमें 33 शिकायतें प्राप्त हुई और 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। इस दौरान सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों सहित अन्य शिकायतकर्ताओं की शिकायतों को पढ़ा और सुना, जिसके उपरान्त जिलाधिकारी ने कहा कि हर एक कार्य को करने में वक्त लगता है, हमारी प्राथमिकता हैं कि हर कार्य समय से गुणवत्तापूर्ण सम्पन्न हो जाए, ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसका निराकरण ना किया जा सके, कुछ शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में समय लगता है, जिसके लिए धैर्य रखने की आवश्यकता है।

जिलाधिकारी ने कहा कार्यवाही करते समय दोनों पक्षों की बात अवश्य सुनीं जाए। समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने उपस्थित जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने कार्य में सुधार नहीं लाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने इस दौरान पाया कि कुछ विभागों द्वारा कार्य में उदासीनता बरती जा रही है जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग अधिकारी को फटकार लगाते हुए कहा कि सभी शिकायतों को समयान्तराल, पूर्ण गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाना सुनिश्चित किया जाए।