बंगाल की जनता को दुर्गा पूजा की बधाई दी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरवार को पश्चिम बंगाल के दुर्गा पूजा पंडाल का वर्चुअली उद्घाटन किया। पीएम मोदी का शंखनाद और उल्लू ध्वनि से स्वागत किया गया। इस दरम्यान उन्होंने नागरिकों को कोविड-19 (कोरोना वायरस) से बचाव करने की अपील की। इसके लिए मास्क का प्रयोग और 2 गज की दूरी का पालन करने का संदेश दिया। पीएम मोदी ने कहा कि भक्ति की शक्ति ऐसी है कि मैं दिल्ली नहीं बल्कि बंगाल में ही हूं। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के बीच दुर्गा पूजा हो रही है। हर किसी ने अद्भुत संयम दिखाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मां दुर्गा दारिद्रय दुख भय हारिणि कही जाती हैं। दुर्गति-नाशिनी कही जाती हैं। अर्थात वह दुख को, दरिद्रता को, दुर्गति को दूर करती हैं, इसलिए दुगा पूजा तभी पूरी होती है जब हम किसी के दुख को दूर करते हैं। किसी गरीब की मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि जब मां दुर्गा का आशीर्वाद हो तो समूचा देश बंगाल हो जाता है। पीएम ने कहा कि नारी शक्ति सभी चुनौतियों को परास्त करने की ताकत रखती है। हर किसी को उनके साथ खड़े रहना चाहि। पीएम मोदी ने बंगाल में दुर्गा पूजा पंडाल का वर्चुअली उदघाटन भी किया। बंगाल के नागरिकों से सीधे संवाद कर बांग्ला भाषा में पूजा की बधाई दी। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत में बंगाल के अहम रोल और केंद्र सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बंगाल के इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी सुधारने हेतु निरंतर काम हो रहा है। कोलकाता में ईस्ट-वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर परियोजना के लिए भी साढ़े 8 हजार करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। केंद्र ने पूर्वोदय का मंत्र अपनाया है। पूर्वी भारत के विकास के लिए निरंतर फैसले लिए हैं। पूर्वोदय के इस मिशन में पश्चिम बंगाल को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा महोत्सव की व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। दुर्गा पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। कोविड-19 का खतरा कायम रहने के बावजूद नागरिकों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है।
















