मुख्यमंत्री को कोरोना, पूर्व सीएम ने जीती लड़ाई

जयराम ठाकुर संक्रमित, कल्याण सिंह को छुट्टी मिली

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 (कोरोना वायरस) का प्रकोप रूक नहीं पाया है। अब हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। वह सरकारी आवास में क्वारंटीन हैं। उधर, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह कोरोना संक्रमण से उबर गए हैं। उन्हें सोमवार को यशोदा अस्पताल कौशाम्बी से छुट्टी दे दी गई। भारत में कोरोना वायरस का प्रकोप और खौफ बरकरार है। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 65 लाख से ज्यादा हो चुकी है। इसके अलावा एक लाख से ज्यादा मरीजों की कोरोना से जान जा चुकी है। यह महामारी किसी पर भी रकम नहीं दिखा रही है। इसी क्रम में अब हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर यह जानकारी शेयर की। जयराम ठाकुर सप्ताहभर से शिमला के अपने सरकारी आवास में क्वारंटीन थे। कोरोना के लक्षण दिखने के बाद सोमवार को उन्होंने कोविड टेस्ट कराया। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि कुछ दिन पहले किसी कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने के कारण मैं सप्ताहभर से अपने आवास पर क्वारंटीन था। फिलहाल चिकित्सकों की सलाह पर अपने सरकारी आवास में आइसोलेट हूं। उधर, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता कल्याण सिंह ने कोरोना को मात दे दी है। कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें निजी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। कोरोना संक्रमित होने के कारण वह काफी समय से यशोदा अस्पताल कौशाम्बी (गाजियाबाद) में भर्ती थे। स्वस्थ होने के बाद सोमवार को पूर्व सीएम कल्याण सिंह को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। कोरोना पॉजिटिव होने पर उन्हें संजय गांधी परास्नातक आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) से एयर एंबुलेंस के जरिए गाजियाबाद के यशोदा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल लाया गया था। जहां वह चिकित्सकों की निगरानी रहे। ऐसे में समय-समय पर भाजपा के नेता भी वहां जाकर उनका हाल-चाल लेते रहे। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को अस्पताल से छुट्टी मिलने के दरम्यान भी काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उनसे मिलने पहुंचे।