कांग्रेस छोड़ी, भाजपा का कमल महकाएंगी खुशबू

तमिल अभिनेत्री ने राजनीति में शुरू की नई पारी

नई दिल्ली। तमिल की मशहूर अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया है। अपनी सियासी जमीन को मजबूत करने के इरादे से खुशबू ने भाजपा का दामन थामा है। खुशबू अब कमल को महकाएंगी। ऐसे में कांग्रेस को झटका लगा है। खुशबू सुंदर कांग्रेस में राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। कांग्रेस ने अटकलों के बीच उन्हें पद से हटा दिया था। बाद में अभिनेत्री और नेत्री खुशबू ने सोनिया गांधी को इस्तीफा भेजा। शिकायत पत्र में उन्होंने पार्टी के कुछ कद्दावर नेताओं के खिलाफ भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि कुछ तत्व कांग्रेस के भीतर उच्च स्तर पर आसीन हैं, जिन्हें जमीनी हकीकत या सार्वजनिक मान्यता से कोई जुड़ाव नहीं है. वह शर्तें तय कर रहे हैं। कांग्रेस से नाता तोडऩे के बाद खुशबू सुंदर ने भाजपा में आस्था दिखाई है। उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा के साथ रहकर वह आगे की राजनीति करेंगी। खुशबू ने वर्ष-2010 में सियासत में एंट्री की थी। शुरुआत में वह डीएमके पार्टी के साथ जुड़ी थीं। उस समय डीएमके सत्ता में थी। धीरे-धीरे डीएमके से उनका मोह भंग हो गया। 4 साल बाद वह डीएमके को अलविदा कर कांग्रेस के साथ आ गई थीं। वर्ष-2014 में सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद उन्होंने कांग्रेस में जाने का मन बनाया। उस समय खुशबू ने कहा था कि मुझे लगता है कि मैं अपने घर में हूं। कांग्रेस एकमात्र ऐसी पार्टी है जो भारत के नागरिकों के लिए बेहतर कर सकती है। हालांकि कांग्रेस में उन्हें नजरअंदाज किया गया। उन्हें 2019 लोक सभा चुनाव का टिकट नहीं मिला। राज्य सभा में जाने का सपना भी अधूरा रह गया। इसके चलते खुशबू सुंदर को फिर अपना इरादा बदलना पड़ा। कांग्रेस में निरंतर उपेक्षा से आहत होकर उन्होंने भाजपा से जुडऩे का मन बनाया। भाजपा के जरिए वह आगे का राजनीतिक करियर संवारेंगी। भाजपा ने खुशबू सुंदर का पार्टी में स्वागत किया है। पार्टी का कहना है कि खुशबू मेहनती कार्यकर्ता हैं।