हाउस टैक्स वसूली को लेकर निगम की कवायद तेज, एक दिन में वसूले 1.57 करोड़

-संपत्ति कर वसूली में कवि नगर चल रहा सबसे आगे, सरकारी विभागों को भी किया टारगेट
-एक दिन के अल्टीमेट के साथ वसुंधरा जोन ने कई बैंक्विट हाल, मॉल में किया नोटिस चस्पा

गाजियाबाद। नगर निगम ने अब टैक्स वसूलने की कवायद तेज कर दी है। संपत्ति कर नहीं देने वालों के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की वित्तीय सेहत सुधारने को लेकर कवायद तेज कर दी गई है। टैक्स विभाग ने अधिक समय से संपत्ति कर (गृहकर, जलकर, सीवर कर) जमा नहीं करने वालों पर कार्रवाई की तैयारी की है। टैक्स विभाग की सख्ती के चलते एक दिन में 1 करोड़ 57 लाख 1 हजार की कर वसूली हुई है। लगातार कर वसूली बढ़ाने के लिए वृहद स्तर पर कार्यवाही विभाग द्वारा की जा रही है। होली पर्व के अवकाश के दौरान भी कर वसूली अभियान लगातार जारी रहा। ऑनलाइन तथा ऑफलाइन हाउस टैक्स वसूली प्राप्त हुई। जिसमें कवि नगर जोन टैक्स वसूली अभियान में सबसे आगे रहा। सरकारी विभागों को भी कवि नगर की टीम टारगेट कर कार्रवाई कर रही है।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव सिन्हा ने बताया नगर आयुक्त के निर्देशानुसार सरकारी विभागों से भी बकाया वसूली के लिए कार्रवाई तेज हो गई है। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग तथा सीबीआई ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट से लगभग 59 लाख की वसूली कवि नगर जोन द्वारा की गई है। लगभग 80 लाख 29 हजार की वसूली कवि नगर जोन द्वारा की गई है। वसुंधरा जोन अंतर्गत कर वसूली को बढ़ाते हुए 54 लाख 53000 किया गया है। मोहन नगर जोन अंतर्गत 650000 की वसूली की गई। सिटी जोन अंतर्गत 13 लाख 29000 की वसूली की गई, विजयनगर अंतर्गत 240000 की वसूली की गई। उन्होंने बताया 31 मार्च से पहले कर जमा करने वाले करदाताओं को नगर निगम की तरफ से छूट दी जा रही है। 31 मार्च के बाद कर जमा करने पर ब्याज लगाया जाएगा। ऐसे में भवन स्वामी अपना कर जमा कर छूट का लाभ भी ले सकते हैं।