कौशांबी स्थित मलयागिरी टावर में पार्षद कुसुम मनोज गोयल का भव्य स्वागत, विकास कार्यों की सराहना

-टावर में सौंदर्यीकरण कार्य का हुआ शुभारंभ, जलभराव की समस्या के समाधान पर चर्चा
-हिंदू नववर्ष और चैत्र नवरात्रि की दी शुभकामनाएं

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी स्थित मलयागिरी टावर में रविवार को क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल का भव्य स्वागत किया गया। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और जनहित में किए गए प्रयासों के लिए पार्षद की सराहना की। इस अवसर पर टावर में सौंदर्यीकरण (सॉफ्ट डेवलपमेंट) कार्य का भी शुभारंभ किया गया, जिसे समाजसेविका प्रो. मीनू अग्रवाल ने नारियल फोड़कर विधिवत प्रारंभ किया। पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने इस मौके पर सभी क्षेत्रवासियों को हिंदू नव वर्ष एवं चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और देश व प्रदेश की प्रगति में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की प्रशंसा की और बताया कि किस तरह केंद्र और राज्य सरकार मिलकर देश के हर कोने में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत कर रही हैं। पार्षद ने बताया कि कौशांबी में जलभराव की बड़ी समस्या थी, जिसे अब नए नालों के निर्माण के जरिए काफी हद तक हल कर लिया गया है। यह कार्य क्षेत्रवासियों के लिए राहत लेकर आया है, जिससे अब बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या नहीं होगी। इस विशेष अवसर पर मलयागिरी टावर के सेक्रेटरी जोगिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष आर. के. कुशवाहा, समाजसेवी सुधीश अग्रवाल, सिद्धार्थ भारद्वाज, वीना भारद्वाज, एडवोकेट अलक आलोक श्रीवास्तव, एडवोकेट अमन टंडन, कमल ओबेरॉय, शशि भूषण भारद्वाज, संजीव अग्रवाल, सतीश शर्मा, ए. के. सिंह, अनिल सारस्वत, रोशनी सुनील कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

गाजीपुर कूड़ा डंपिंग ग्राउंड की समस्या पर हुई चर्चा
इस कार्यक्रम के दौरान दिल्ली की महापौर रेखा गुप्ता से समय लेकर गाजीपुर कूड़े की समस्या पर चर्चा करने की योजना बनाई गई। पार्षद ने कहा कि गाजीपुर में फैले कूड़े के ढेर की बदबू पूरे क्षेत्र को प्रभावित कर रही है, जिससे न केवल लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जल्दी खराब हो रहे हैं। इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए संबंधित अधिकारियों और दिल्ली सरकार से बातचीत की जाएगी।

जनहित में कार्य जारी रहेंगें
पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा और हर नागरिक को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित माहौल देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने निवासियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र की सफाई और सौंदर्यीकरण में सहयोग करें, ताकि कौशांबी एक आदर्श नगर बन सके। क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर उभर रही है, और पार्षद के प्रयासों से कौशांबी क्षेत्र तेजी से प्रगति की ओर बढ़ रहा है।