-मुख्यमंत्री ग्रीड योजना के तहत डाबर चौक से ईडीएम मॉल तक सड़क कार्य जल्द शुरू होगा
-निवासियों ने जल, सफाई, सुरक्षा और सड़क समस्याओं के समयबद्ध समाधान की उठाई मांग
-संवाद और सहभागिता से क्षेत्रीय विकास योजनाओं को गति देने पर सहमति
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी स्थित सुपरटेक अपार्टमेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने बुधवार को क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल के साथ एक बैठक आयोजित की। इस अवसर पर वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने पार्षद का स्वागत किया और उनके क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना की। बैठक के दौरान पार्षद कुसुम मनोज गोयल ने मुख्यमंत्री ग्रीड योजना के अंतर्गत डाबर चौक से आनंद विहार, जयपुरिया होते हुए ईडीएम मॉल तक किए गए टेंडरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योजना के तहत कार्य जल्द ही प्रारंभ होने वाला है और इससे क्षेत्र की सड़क एवं यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष के. के. मखीजा, उपाध्यक्ष संजय दुबे, सचिव संजय दत्त, सह सचिव रजत जैन, कोषाध्यक्ष अविनाश पीपल, सदस्य अक्षत चतुर्वेदी, ललित सिंगल, शरद सिंह और समाजसेवी सुनील गांधी उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्रीय विकास और सामुदायिक कल्याण के लिए पार्षद के प्रयासों की प्रशंसा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य निवासियों और प्रतिनिधि के बीच संवाद स्थापित करना था। इसमें क्षेत्र की समस्याओं, योजनाओं की प्रगति और आगामी विकास कार्यों पर चर्चा की गई।
सदस्यों ने पार्षद से अनुरोध किया कि सड़क, जल, सफाई और सुरक्षा जैसी समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। सुपरटेक अपार्टमेंट वेलफेयर एसोसिएशन और पार्षद कुसुम मनोज गोयल की यह बैठक क्षेत्रीय विकास और नागरिक सहभागिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। बैठक के दौरान पारस्परिक संवाद और सहयोग की भावना ने सभी उपस्थित लोगों को संतुष्ट किया और भविष्य में सामुदायिक योजनाओं को तेजी से लागू करने का मार्ग प्रशस्त किया।
















