-विजयनगर क्षेत्र में संभावित हॉट स्पॉट्स पर दबिश, गश्त बढ़ाने और जनता से संवाद के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सोमवार रात को पुलिस उपायुक्त नगर जोन धवल जायसवाल ने एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी के साथ विजयनगर थाना क्षेत्र में व्यापक भ्रमण और दबिश अभियान चलाया। इस दौरान उनके साथ सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर रितेश त्रिपाठी और थाना प्रभारी विजयनगर भी मौजूद रहे। डीसीपी धवल जायसवाल ने क्षेत्र के संवेदनशील और संभावित हॉट स्पॉट्स का निरीक्षण करते हुए पुलिस बल को सतर्कता के साथ गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए केवल थाने तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पुलिस को सड़क पर दिखना चाहिए और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करना चाहिए।
भ्रमण के दौरान डीसीपी नगर जोन ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में नियमित पैदल गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने और रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन प्रहार का उद्देश्य अपराधियों में डर और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना है। धवल जायसवाल की सक्रिय, अनुशासित और फील्ड में मौजूद रहने वाली कार्यशैली एक बार फिर देखने को मिली। वह स्वयं मौके पर पहुंचकर हालात का आकलन करते नजर आए और अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
उनके इस अभियान से न केवल पुलिस बल में ऊर्जा का संचार हुआ है, बल्कि क्षेत्र के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत आगे भी इसी तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और शहर में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।
















