-जनपद में ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थों और अवैध हथियारों पर सख्त कार्रवाई
-पुलिस ने बरामद किए 98 किलो गांजा, दो किलो अफीम और 570 अल्प्राजोलम टैबलेट
-अवैध हथियार तस्करों के कब्जे से 10 पिस्टल और 17 कारतूस भी जब्त
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ के निर्देश पर जनपद में ऑपरेशन प्रहार के तहत जनवरी माह में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त 23 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से लगभग 100 किलो नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। इसी अभियान में अवैध हथियारों की तस्करी में लिप्त 10 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था एवं यातायात आलोक प्रियदर्शी ने डीसीपी सिटी धवल जायसवाल की मौजूदगी में बताया कि ऑपरेशन प्रहार का उद्देश्य संगठित अपराधियों, मादक पदार्थ, अवैध हथियार और शराब की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इसके साथ ही अभियान का लक्ष्य वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों को कार्रवाई के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस अभियान के तहत पुलिस ने 98 किलो 500 ग्राम गांजा, 2 किलो 206 ग्राम अफीम और 570 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की हैं। वहीं, अवैध हथियार तस्करों के कब्जे से 10 पिस्टल और 17 कारतूस जब्त किए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन प्रहार अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। डीसीपी धवल जायसवाल ने कहा कि यह अभियान जनपद में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अहम कदम है और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















