दीपावली पर निराश्रित बच्चों को मिलेगी 24 हजार की सहायता राशि

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण में निराश्रित हुए जिले के 600 से अधिक बच्चों को दीपावली पर 24 हजार रुपए की सहायता राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री बाल सेेवा योजना के तहत बच्चों को यह राशि दी जा रही हैं। जिला प्रोबेशन विभाग ने सहायता राशि बच्चों को देने का काम शुरू कर दिया है।विभाग ने 600 से अधिक बच्चों को दीपावली को रोशन करने के लिए इसकी तैयारी कर ली है। दीपावली से पहले योजना के तहत प्रत्येक बच्चे को 24 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। इसके लिए विभाग को 1.25 करोड़ रुपए का बजट जारी हो चुका हैं। विभाग की टीम ने गाजियाबाद व लोनी क्षेत्र में सहायता राशि दिए जाने का काम शुरू कर दिया है।

बीते दो दिनों में 100 से अधिक बच्चों को सहायता राशि दी जा चुकी हैं। बता दें कि कोरोना संक्रमण के चलते अपने माता-पिता या दोनों में एक अभिभावक खो चुके बच्चों के लिए प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना शुरू की थी। योजना के तहत प्रत्येक बच्चे को प्रतिमाह 4 हजार रुपए की सहायता राशि छमाही के आधार पर दी जाती है। सहायता राशि बच्चे के वैध संरक्षक के बैंक खाते में दी जाती है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज पुष्कर का कहना है कि निराश्रित बच्चों की शिक्षा एवं संरक्षण के लिए सहायता राशि दी जा रही है। विभाग की ओर से प्रयास है कि दीपावली से पहले प्रत्येक लाभार्थी बच्चे को सहायता राशि मिल जाए। इसके लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि के चलते बहुत से बच्चे अपनी पढ़ाई को जारी रख पा रहे हैं। लोनी निवासी पंकज शर्मा के माता-पिता की कोरोना में मौत होने के बाद उनके व तीन छोटे भाई-बहनों की आजीविका को लेकर संकट पैदा हो गया।वर्तमान में चारों भाई-बहन को 16 हजार रुपए प्रतिमाह मिल रहे हैं। सहायता राशि के कारण उनकी शिक्षा पूरी कर रहे हैं।उनकी देखभाल करने वाले रिश्तेदारों पर भी भार कम हो रहा हैं।