-बैठक में सड़क, नाली, तालाब और कृषि से जुड़ी शिकायतों पर लिया ठोस फैसला
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विकास भवन दुर्गावती देवी सभागार में बुधवार को आयोजित किसान दिवस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया गया। बैठक में विद्युत, सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, जिला गन्ना विभाग, पशु पालन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी राजवीर सिंह और भाकियू के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह सहित लगभग 120 किसान उपस्थित रहे। बैठक में विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्रा ने पिछले किसान दिवस की शिकायतों के निस्तारण की आख्या प्रस्तुत की, जिसमें कई शिकायतों के समाधान पर किसानों ने संतोष जताया। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का अतिशीघ्र निस्तारण किया जाए और उसकी जानकारी उप कृषि निदेशक को उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में विशेष रूप से ग्राम रईसपुर से सदरपुर तक सड़क एवं नाली निर्माण की मांग उठी। चौधरी राजवीर सिंह ने कहा कि जर्जर सड़क और गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं। सीडीओ ने पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता रामराजा को निर्देशित किया कि ऐसे सड़कों की सूची तैयार की जाए और इन्हें ओडीआर में कन्वर्ट कर जीर्णोद्धार किया जाए। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि कल्दा रजवाहे की पटरी का चौड़ीकरण कार्य ओडीआर में कन्वर्ट कर किया जाएगा। जिला गन्ना अधिकारी प्रदीप कुमार तेवतिया ने उन सड़कों के नाम सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया, जिनका निर्माण गन्ना विभाग द्वारा किया जाना है।
बैठक में मास्टर जगदीश त्यागी ने सहकारी समिति के शेयर पर मिलने वाले ब्याज का अंश किसानों को वितरित करने का प्रस्ताव रखा। ग्राम दुहाई में तालाबों के सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई। नगर निगम के अधिशासी अभियंता ने बताया कि एक तालाब का सौंदर्यीकरण पूरा हो चुका है। भाकियू जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह ने अन्य तालाबों के रख-रखाव और आकाश नगर की नाली ठीक करने की मांग की। सीडीओ ने इसे जिला पंचायत के जिम्मे सौंपने के निर्देश दिए। किसानों ने इसके अलावा अन्य शिकायतों के ज्ञापन भी सौंपे, जिनमें आवारा पशुओं के समस्या शामिल है। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि खंड विकास अधिकारी मुरादनगर 26 जनवरी के बाद ग्राम चौपाल का आयोजन करें और ग्राम पंचायत सचिव को भी इसमें बुलाया जाए। इस बैठक के माध्यम से किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान और जिले में सुधारात्मक कार्यों की निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।
















