मडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे का निर्देश स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा का रखा जाए विशेष ध्यान

-मेरठ मण्डलायुक्त ने किया रैपिड-एक्स स्टेशनों सहित आईबीएल वर्कशॉप का औचक निरीक्षण

गाजियाबाद। देश की पहली नमो भारत ट्रेन के स्टेशनों और आईबीएल वर्कशॉप व प्रशासनिक भवन का गुरुवार को मेरठ मंडल की मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे. औचक निरीक्षण करने के लिए दुहाई स्टेशन पर पहुंची। उन्होंने निरीक्षण करते हुए आरआरटीएस के अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। गुरूवार को मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे, मेरठ के जिलाधिकारी दीपक मीणा,मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिषेक पांडेय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मेरठ गामनी सिंगला, गाजियाबाद एसडीएम सदर अरूण दीक्षित आदि के साथ नमो भारत रेल के दुहाई स्टेशन का औचक निरीक्षण करने के लिए पहुंची। उन्होंने निरीक्षण के दौरान आरआरटीएस की यात्रियों की सुरक्षा के प्रति कार्यशैली को जाना। दुहाई स्टेशन, गाजियाबाद स्टेशन, दुहाई डिपो स्टेशन सहित आईबीएल वर्कशॉप व प्रशासनिक भवन का भी औचक निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने नमो भारत ट्रेन से गाजियाबाद स्टेशन पहुंचकर वहां का स्थलीय निरीक्षण किया।

नमो भारत ट्रेन द्वारा दुहाई डिपो स्टेशन का निरीक्षण किया। इसके बाद आईबीएल वर्कशॉप और प्रशासनिक भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने नमो भारत ट्रेनों की साफ-सफाई, रखरखाव, जांच, सुरक्षा सहित अन्य बिंदुओं पर आरआरटीएस के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्थलीय निरीक्षण के दौरान देखा और समझा कि आरआरटीएस द्वारा किस प्रकार से यात्रियों और ट्रेनों की सुरक्षा के बंदोबस्त है। उन्होंने आरआरटीएस स्टेशन की प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश लता से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि सभी स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे, जांच आदि के संबंध में यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम हैं। मंडलायुक्त ने अधिकारियों की कार्यशैली पर संतोष जताते हुए निर्देश दिए कि उक्त इंतजाम को और बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-समय पर जांच करना भी सुनिश्चित किया जाए।