लेटलतीफ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जीडीए वीसी ने पढ़ाया समय का पाठ

-निर्धारित समय पर दफ्तर नहीं पहुंच रहे अधिकारी और कर्मचारी तो होगी कार्यवाही: इन्द्र विक्रम सिंह

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) दफ्तर में अधिकारी और कर्मचारी दस बजे के बाद ही पहुंच रहे हैं, जबकि शासन के निर्देश हैं कि दस बजे तक सभी अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में पहुंच जाए, लेकिन शासनादेश की अवहेलना हो रही है। मगर अब जीडीए दफ्तर में लेटलतीफी आने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अब अपनी आदत में सुधार करना होगा। अन्यथा उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई हो सकती हैं। कलेक्ट्रेट के बाद अब जीडीए में भी लेटलतीफ आने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को जीडीए उपाध्यक्ष इन्द्र विक्रम सिंह ने समय का पाठ पढ़ाया।

गुरुवार को जीडीए कार्यालय में वैशाली स्थित ठीए को लेकर एससी-एसटी आयोग के निर्देशानुसार भाजपा नेता एवं सदस्य अशोक संत के साथ बैठक होनी थी। जीडीए के अधिशासी अभियंता विद्युत अनिल बघाडिय़ा को इसमें उपस्थित होना था। मगर वह समय से जीडीए कार्यालय में नहीं पहुंच पाए। इसको लेकर जीडीए उपाध्यक्ष इन्द्र विक्रम सिंह काफी नाराज हुए। उन्होंने अधिशासी अभियंता को फटकार लगाई। इसके बाद उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के आदेश दिए। जीडीए उपाध्यक्ष ने इसके बाद कार्यालय आदेश जारी कर दिया। जीडीए कार्यालय में अब सुबह 10 बजे निर्धारित समय पर सभी अधिकारियों, बाबुओं व इंजीनियरों को उपस्थित होना होगा।

अन्यथा लेटलतीफी आने वाले अधिकारियों से लेकर बाबुओं व इंजीनियरों पर कठोर कार्रवाई हो सकती है। गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जीडीए उपाध्यक्ष इन्द्र विक्रम सिंह ने जीडीए ऑफिस में जनसुनवाई के बाद यह कार्यालय आदेश जारी कर दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर हाल में सुबह 10 बजे अधिकारियों से लेकर बाबुओं व इंजीनियरों को कार्यालय में उपस्थित होना होगा। सुबह 10 बजे कार्यालय में आए, जाने का कोई समय नहीं होगा। यह सभी पर लागू किया जाता है। जीडीए उपाध्यक्ष ने इस संबंध में आदेश पत्र भी जारी करा दिया हैं।

बता दें कि इससे पूर्व जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह ने भी करीब दो माह पहले जीडीए के सभी अधिकारियों, बाबुओं, इंजीनियरों को कार्यालय में सुबह 10 बजे उपस्थित होने के लिए निर्देश दिए थे। जीडीए उपाध्यक्ष ने अब इस पर सख्ती से अमल करते हुए कार्यालय आदेश जारी कर दिया है। इसके बाद जो भी लेट दफ्तर पहुंंचेगा। उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई हो सकती हैं। जीडीए में लेट आने वाले बाबुओं से लेकर अधिकारियों व इंजीनियरों की लगातार शिकायत मिल रही है। इसलिए सुबह 10 बजे निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित होने के लिए यह फरमान जारी किया गया हैं।