डीएम इन्द्र विक्रम सिंह ने सुनी जनता की फरियाद, अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश

गाजियाबाद। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने लोगों की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में जनसुनवाई करते हुए फरियादियों की शिकायतें सुनी और सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिया। डीएम प्रतिदिन लगातार अपने कार्यालय में सुबह 10 बजे से लेकर 1 बजे तक जन शिकायत सुनते है, मगर सोमवार को शिकायत अधिक पहुंचने पर एक घंटा अतिरिक्त कार्यालय में बैठ कर शिकायतें सुनी। कुछ समस्याओं का निस्तारण मौके पर ही होने से फरियादियों को राहत मिली।

जो समस्याएं निस्तारित नहीं हो सकीं, उसके लिए जिलाधिकारी ने तीन दिन की समय सीमा तय कर दी। फरियादी सुबह आठ बजे से ही पहुंचने लगे थे। किसी को समस्या न हो, इसके लिए जिलाधिकारी ने पर्ची व्यवस्था बना दी थी। पर्ची के क्रम के अनुसार लोग मिल रहे थे। कई ऐसे लोग रहे, जिनकी समस्याएं काफी समय से लंबित थीं। उनका कहना था कि जिलाधिकारी से मिलकर राहत मिली है। ऐसे आयोजन से न केवल राहत मिलती है बल्कि सरकार की योजनाओं का लाभ भी पात्रों को आसानी से मिल जाता है।

जिलाधिकारी द्वारा ज्यादातर शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा करवा दिया जाता है। इसके अलावा शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को समय दे दिया जाता है और प्रार्थियों को हिदायत दी जाती हैं कि यदि समय अंतराल कार्य पूरा न हो तो वह दोबारा आकर मिले, संबंधित अधिकारियों द्वारा समयांतराल में ही शिकायत का निस्तारण कर दिया जाता है। जनसुनवाई के दौरान एडीएम प्रशासन श्री रणविजय सिंह, एडीएम एल/ए शैलेन्द्र कुमार भाटिया, सिटी मजिस्ट्रेट अजय अंबष्ट उपस्थित रहे।