डीएम ने खराब रैंक लाने वाले विभागों को लगाई फटकार

• जनपद को विकास एवं प्रगति में नम्बर वन लाना हम सभी की जिम्मेदारी: दीपक मीणा
• डीएम ने कहा जनपद की खराब रैंकिंग आने पर होगी विभागीय कार्रवाई  

उदय भूमि 
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड जिला अनुश्रवण पुस्तिका (राजस्व एवं विकास कार्य) से संंबंधित एवं सीएमआईएस पोर्टल को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने समीक्षा बैठक की। विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने खराब रैंकिंग वाले विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभारी ईशा तिवारी, जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव, एडीएम सिटी गंभीर सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व सौरभ भट्ट, मोदीनगर एसडीएम डॉ. पूजा गुप्ता, जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी राजीव श्रीवास्तव आदि अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद को विकास एवं प्रगति में नंबर-1 लाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी समयानुरूप बी,सी,डी व ई रैंक लाने वाले विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए खराब रैंक आने का कारण स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपने कार्योंं के प्रति सजग रहें,यदि किसी विभाग द्वारा कार्य के प्रति असंवेदनशीलता दिखाई और उनकी वजह से जनपद की खराब रैंकिंग आई तो उक्त अधिकारी के खिलाफ मुख्यमंत्री के आदेशों एवं दिशा-निर्देशों के क्रम में लापरवाही बरतने पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिन विभागों की अच्छी रैंक आई हैं। वह उसे बरकरार रखते हुए और बेहतर कार्य करें। यह सोचकर निश्चित ना हो जाए कि आगे उन्हें मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। भविष्य में भी अच्छी रैंकिंग के लिए निरंतर क्रियाशील रहना है। हम सभी की जिम्मेदारी हैं कि हमारा जनपद हर विकास एवं प्रगति में नंबर-1 पर रहे।