डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार आज भी प्रासंगिक, उन्हें आत्मसात करने की आवश्यकता: सरदार एसपी सिंह

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। संविधान निर्माता, समाज सुधारक और दलित चेतना के अग्रदूत डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर की स्मृति को समर्पित सम्मान अभियान का आयोजन इंदिरापुरम मंडल में शुक्रवार को भव्यता के साथ किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष मंजुला गुप्ता ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व महानगर अध्यक्ष सरदार एसपी सिंह ने विशेष रूप से वार्ड संख्या 57 और 79 में प्रवास किया और अनुसूचित समाज के सम्मानित व्यक्तियों को सम्मानित किया। इस दौरान सरदार एसपी सिंह ने ब्रह्म सिंह जाटव, लालू प्रसाद जाटव, मोहन सिंह जाटव, अशोक जाटव, रामू जाटव, विजयपाल जाटव, भगवान जाटव सहित वार्ड 79 के वरिष्ठ राजनीतिज्ञ शांत प्रकाश जाटव को अंग वस्त्र, बाबा साहेब का चित्र, और भाजपा सरकार की आठ वर्षों की उपलब्धियों की पुस्तिका भेंट की।

सभा को संबोधित करते हुए सरदार एसपी सिंह ने कहा कि बाबा साहेब ने भारत को वह संविधान दिया, जो आज भी हमारी लोकतांत्रिक संरचना की नींव है। उन्होंने समता, न्याय और बंधुत्व का जो सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी आज हम सबकी है। बाबा साहेब के विचारों को सिर्फ पढऩे की नहीं, बल्कि उन्हें जीवन में उतारने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज बाबा साहेब के नाम पर राजनीति तो बहुत होती है, लेकिन उनकी मूल भावना को समझना और उस पर चलना ही उनका सच्चा सम्मान है।

हम सबको चाहिए कि हम उनके बताए मार्ग पर चलें और सामाजिक समरसता को मजबूत करें। इस अभियान के माध्यम से अनुसूचित समाज के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामाजिक एकता, समानता और संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद राधेश्याम त्यागी, पूर्व किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सलेक त्यागी, मंडल महामंत्री देबाशीष दत्ता व अनिल कटारिया, तथा शक्ति केंद्र संयोजक अजय गुप्ता समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।