-बूथ कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़, उनकी मेहनत तय करती है चुनावी जीत : डॉ. मनोज गोयल
-कौशांबी के शक्ति केंद्र 16 और 17 की बैठक में संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण पर हुआ मंथन
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। संगठन की मजबूती को लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सोमवार को कौशांबी के शक्ति केंद्र 16 और 17 की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में पूर्व महानगर उपाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यों की बारीकियों से अवगत कराते हुए बूथ स्तर तक मजबूत नेटवर्क तैयार करने का आह्वान किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति तथा उनकी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर कार्य करने वाले समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कहा कि जब बूथ मजबूत होगा, तभी संगठन मजबूत होगा और जनता का विश्वास भी लगातार बढ़ेगा। डॉ. मनोज गोयल ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं से नियमित जनसंपर्क बनाए रखने, क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और संगठन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय न रहें, बल्कि समाज के हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहें। यही एक सच्चे जनप्रतिनिधि और मजबूत संगठन की पहचान होती है। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। डॉ. मनोज गोयल ने बूथ अध्यक्षों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के साथ-साथ अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का महत्व भी समझाया। उन्होंने कहा कि संगठन में प्रत्येक कार्यकर्ता का योगदान समान रूप से महत्वपूर्ण होता है और सभी को मिलकर लक्ष्य प्राप्ति के लिए कार्य करना चाहिए। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में लंबे अनुभव रखने वाले डॉ. मनोज गोयल की कार्यशैली को लेकर कार्यकर्ताओं में खास उत्साह दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि डॉ. गोयल हमेशा जमीनी स्तर पर सक्रिय रहते हैं और आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं। उनकी सरलता, मिलनसार स्वभाव और संगठन के प्रति समर्पण उन्हें कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय बनाता है।
बैठक में मंडल उपाध्यक्ष विक्रम चौधरी, मंडल मंत्री कामिनी भदोरिया, मंडल मंत्री योगेश त्यागी, सेक्टर संयोजक रेनू मल्होत्रा, सेक्टर संयोजक पूजा मेहरा सहित कई पदाधिकारी और बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे। कार्यक्रम में एसके गोयल, अनीता खंडेलवाल, किरण दुआ, मिठठन लाल, एसआर सिंह, विक्रम सिंह, राजेंद्र गोयल, ऋतु जैन, प्रीति वर्मा, चेतन मेहरा, उमा मेहरा, ज्योति मेहरा और पदमचंद गर्ग समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के बीच सक्रिय रहकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान ‘संगठन ही सर्वोपरि’ का संदेश पूरे कार्यक्रम में प्रमुखता से गूंजता रहा।
















