13 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर निगम मुख्यालय में निकाय कर्मचारी महासंघ ने जड़ा ताला

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के आहवान पर शनिवार को नगर निगम कर्मचारी संघ ने अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर निगम मुख्यालय में धरना दिया। इस दौरान मुख्यालय के गेट पर दो घंटे तक तालाबंदी कर दी। इस दौरान कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी भी की। हालांकि कर्मचारी मुख्य गेट को बंद नहीं कर सके थे। कर्मचारियों के धरना दिए जाने के चलते सुबह से निगम मुख्यालय में भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। इसके बाद मांग पूरी कराने के लिए गाजियाबाद नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार आदि ने संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश को मुख्यमंत्री के नाम से संबोधित ज्ञापन उन्हें सौंपा। धरना प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों ने वेतन विसंगति दूर करने, दैनिक वेतन, संविदा कर्मचारियों का विनियमितिकरण, सफाई, लिपिक, राजस्व, जलकल विभाग के पंप ऑपरेटर और बिल वितरक कर्मचारियों की पदोन्नति किए जाने की मांग रखी।

7वें वेतन आयोग की संस्तुतियों के अनुसार वेतन दिलाने की मांग उठाई। नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि नगर विकास विभाग लंबे समय से उनकी मांग पूरी नहीं कर रहा।इसकी वजह से कर्मचारियों में रोष है। महासंघ कई साल से धरना प्रदर्शन, ज्ञापन, पत्राचार कर रहा है। बावजूद इसके शासन स्तर से मांगे पूरी नहीं की जा रही है।उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को प्रमुख सचिव नगर विकास के साथ बैठक हुई थी। इसमें लिए गए निर्णय पर कोई आदेश जारी नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

निगम कर्मचारी संघ अध्यक्ष ने बताया कि धरने में सभी पांचों जोन के कर्मचारी शामिल हुए थे। मुख्यालय समेत किसी भी जोनल कार्यालय में काम नहीं हुआ। वहीं, हड़ताल से कामकाज ठप रहा। इस दौरान लोगों के काम नहीं हो सके। हाउस टैक्स, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत अन्य कार्य नहीं किए जा सकें। धरने पर बैठे धरना देने वाले कर्मचारियों में नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार, महामंत्री नितिन भारद्वाज, कर्मचारी यूनियन के संजय शर्मा, अंकुर नगर, राजकुमार, राकेश अग्निहोत्री, चौब सिंह, कुलदीप शर्मा, पवन गिरी, मयूर गिरधर, विनोद त्यागी, अरविंद त्यागी, मोंटी बाबू, गौरव शर्मा, धीरज शर्मा, हरीश त्यागी, नगर निगम वाहन चालक संंघ के अध्यक्ष अजीत सिंह, महामंत्री सलीम, जलकल कर्मचारी संघ अध्यक्ष कर्ण सिंह, राज भूषण त्यागी, यशपाल त्यागी, उद्यान निरीक्षक अजय कुमार आदि मौजूद रहे।