इंदिरापुरम में पार्कों-नालों की साफ-सफाई के साथ हटाया जाएगा अतिक्रमण

गाजियाबाद। इंदिरापुरम कॉलोनी में व्यापक समस्याओं को लेकर रविवार को क्षेत्र के पार्षदों ने जीडीए अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराया। इन समस्याओं का निस्तारण करने के लिए जीडीए अब प्राथमिकता के आधार पर पार्कों-नाले, नालियों की साफ-सफाई के साथ-साथ अतिक्रमण भी हटाएगा। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर अब यह कार्रवाई की जाएगी। जीडीए उपाध्यक्ष के निर्देश पर रविवार को इंदिरापुरम के नीतिखंड स्थित नर्सरी जोन कार्यालय में जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह ने प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह एवं अभियंत्रण जोन-6 के सहायक अभियंता पीयूष सिंह की मौजूदगी में इंदिरापुरम क्षेत्र के पार्षद संजय सिंह, धीरज अग्रवाल, अनुज त्यागी, हरीश कड़ाकोटी, प्रीति जैन, अनुभव जैन आदि लोगों के साथ बैठक की। पार्षदों के साथ इंदिरापुरम की समस्याओं को लेकर विस्तृत रूप से विचार-विमर्श किया गया।

जीडीए सचिव के समक्ष इंदिरापुरम में मुख्य रूप से नालों की साफ -सफाई, पेड़ों की छंटाई,पाार्कों की साफ-सफाई के अलावा अतिक्रमण की समस्या रखी गई। चर्चा के दौरान संज्ञान में आया कि जीडीए के अभियंत्रण जोन-6 द्वारा इन समस्याओं का निस्तारण चरणबद्ध तरीके से आगामी तारीख में प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस पर पार्षदों ने भी संतुष्टि जाहिर की। जीडीए सचिव ने अभियंत्रण जोन के इंजीनियर को निर्देश दिए कि सेंट्रल वर्ज की साफ-सफाई कराने के साथ अतिक्रमण हटाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आमजन से अपील भी है कि सड़क किनारे एवं सेंट्रल वर्ज, सड़क पटरी,नालों पर जो अतिक्रमण किया गया है। उसे स्वयं एक सप्ताह के अंदर हटा लिया जाए। ताकि स्थानीय लोगों की समस्याओं का निराकरण हो सके। जीडीए द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी। जीडीए अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि नगर निगम को हैंडओवर होने तक सभी सुविधाओं की जिम्मेदारी जीडीए की ही रहेगी।