हाउस टैक्स वसूली: अवकाश दिवस में नगर निगम के खजाने में जमा हुए 45 लाख रुपये

-करदाताओं की सहूलियत के लिए निगम ने लगाए कर वसूली कैंप, 10 प्रतिशत छूट का लोगों ने उठाया लाभ
-शहर हित में हाउस टैक्स वसूली से बढ़ रही विकास की रफ्तार: विक्रमादित्य सिंह मलिक
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में विकास कार्यों को तेजी देने के साथ-साथ नगर निगम द्वारा राजस्व वसूली बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। नगर निगम को स्वावलंबी बनाने के लिए आमदनी बढ़ाने की कवायद की जा रही है। जिन स्रोतों से राजस्व वसूली बढ़ सकती है, उस पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। संपत्ति कर से होने वाली आमदनी को बढ़ाने और करदाताओं की सहूलियत के लिए अवकाश दिवस में भी नगर निगम द्वारा कैंप लगाए जा रहे है। पांचों जोन के अंतर्गत शनिवार और रविवार 2 दिन के भीतर लगभग 45 लाख का राजस्व की वसूली हुई है। अवकाश के तीसरी दिन भी 16 सितंबर सोमवार को कवि नगर जोन अंतर्गत वार्ड संख्या 47 शास्त्री नगर सी ब्लॉक शिव मंदिर के पास कैंप का आयोजन किया जाएगा और विजयनगर जोन के अंतर्गत वार्ड संख्या 27 आम्रपाली इंपीरियल क्रॉसिंग रिपब्लिक में हाउस टैक्स वसूली का कैंप लगाया जाएगा।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव सिन्हा ने बताया नगर आयुक्त के निर्देशानुसार करदाताओं की सहूलियत के लिए अवकाश दिवस में भी कैंप लगाया जा रहा है। जिससे ड्यूटी पेशे वाले अवकाश दिवस में अपने नजदीकी कैंप में जाकर अपना बकाया हाउस टैक्स जमा कर सकें। कवि नगर अंतर्गत लोहा मंडी, कम्युनिटी सेंटर राजनगर में हाउस टैक्स वसूली कैंप लगाया गया। जिसके क्रम में 6 लाख 70 हजार 340 रुपये की वसूली हुई, वसुंधरा जोन अंतर्गत गौर गैलेक्सी अपार्टमेंट सेक्टर 5 वैशाली, अलकनंदा रामपुरी सूर्य नगर, न्याय खंड 2 इंदिरापुरम में भी आवश्यक वसूली कैंप लगाया गया। जिसमें 19 लाख 60 हजार 629 रुपये की वसूली हुई। सिटी जोन के अंतर्गत ब्लू मून समिति राजनगर एक्सटेंशन में हाउस टैक्स वसूली कैंप में 3 लाख 35 हजार 368 रुपये की वसूली हुई।
विजयनगर अंतर्गत वार्ड संख्या 51 गुलाबी टंकी के पास, वार्ड संख्या-7 कृष्ण वाटिका हाउस टैक्स वसूली कैंप मेंं 4 लाख 26 हजार 337 रुपये और मोहन नगर जोन अंतर्गत वार्ड संख्या 75 लाजपत नगर वार्ड संख्या 5, गगन विहार वार्ड संख्या 83, श्याम पार्क वार्ड संख्या 64, गरिमा गार्डन में हाउस टैक्स वसूली कैंप में 11 लाख 79 हजार 230 रुपये की वसूली हुई। शनिवार एवं रविवार को अवकाश दिवस में लगाए गए हाउस टैक्स वसूली कैंप में करीब 45 लाख रुपये की वसूली की गई है। वहीं टैक्स जमा करने आए करदाताओं को 10 प्रतिशत छूट का भी लाभ दिया गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की मोटिवेशन से जोनल प्रभारी द्वारा कर वसूली बढ़ाने के लिए कार्यवाही बढ़-चढ़कर की जा रही है। जिसमें सिटी जोन द्वारा अपनी कार्यशैली में बदलाव किया गया और योजनाबद्ध तरीके से हाउस टैक्स वसूली के लिए टीम ने कार्य किया। जिसकी रफ्तार बढ़ती दिखाई दे रही है।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
म्युनिसिपल कमिश्नर, गाजियाबाद
शहर के विकास में हाउस टैक्स वसूली बड़ा योगदान
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया नगर निगम लगातार हाउस टैक्स को लेकर रफ्तार से कार्य कर रहा है। जिसमें समस्त जोनल प्रभारी अवकाश दिवसों में भी कैंप लगाकर हाउस टैक्स वसूली कर रहे हैं। जोनल कार्यालय में भी कैश काउंटर खोले जा रहे हैं। करदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। कर वसूली कैंप में क्षेत्रीय पार्षदों की भी अहम भूमिका बनी हुई है। हाउस टैक्स वसूली शहर के विकास में बहुत बड़ा योगदान है। हाउस टैक्स का सीधा शहर के विकास पर प्रभाव पड़ता है। आमजन से अपील है कि अवकाश दिवस में अपने नजदीकी कैंप में जाकर हाउस टैक्स जमा करें और 10 प्रतिशत छूट का लाभ उठाए। आप घर बैठे भी अपना हाउस टैक्स जमा कर सकते हैं। अपना-अपना हाउस टैक्स जमा कर शहर हित में नगर निगम का सहयोग करें। लोगों की सहूलियत के लिए अवकाश के दिनों में भी कैंप लगाया जा रहा है। जिससे लोगों को हाउस टैक्स जमा करने के लिए नगर निगम के चक्कर न काटने पड़े।