राम मंदिर को लेकर सिक्ख समाज में भी उत्साह: सरदार एसपी सिंह

-गुरुद्वारा जी ब्लॉक में भंडारे का आयोजन

गाजियाबाद। श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सिक्ख समाज में भी काफी उत्साह रहा। गुरुद्वारा जी ब्लॉक कविनगर में सोमवार को वरिष्ठ भाजपा नेता सरदार एसपी सिंह व गुरुद्वारा समिति के अध्यक्ष रवीन्द्र सिंह जौली द्वारा इस भंडारे का आयोजन किया गया तथा लोगों को प्रसाद देते समय जय श्री राम के नारे भी लगाए गए। इस मौके पर एसपी सिंह ने कहा कि राम सभी देशवासियों के आराध्य देव हैं। आज प्राण प्रतिष्ठा से देश में बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक विरासत का नया अध्याय शुरू हो गया है।

इसके लिए सभी देशवासी देश की न्यायपालिका, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। रविंद्र सिंह जौली ने बताया कि राम मंदिर आंदोलन में पहली एफआईआर निहंग सिक्खों के खिलाफ हुई थी। राम मंदिर सांस्कृतिक विरासत के नये आयाम स्थापित करेगा। इस अवसर पर धर्मेंद्र सिंह सोहल, गगन सिंह अरोड़ा, एस सी धींगडा, हरप्रीत सिंह, देवेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह व महेंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।