-280 छात्रों के लिए हुई परीक्षा, मेरठ मंडल के 840 छात्रों ने लिया हिस्सा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा-6 और कक्षा-9 में प्रवेश के लिए मेरठ मंडल स्तर पर प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें गाजियाबाद की अनन्या सैनी ने कक्षा-9 में मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। परीक्षा का परिणाम 19 मार्च को घोषित किया गया। उप श्रमायुक्त अनुराग मिश्रा ने बताया कि यह परीक्षा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के तहत आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य निर्माण श्रमिकों के बच्चों, कोविड काल में निराश्रित हुए बच्चों एवं पात्र छात्रों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
मेरठ मंडल के बुलंदशहर के सिकंदराबाद स्थित गांव कौंदू में अटल आवासीय विद्यालय स्थापित किया गया है, जहां कक्षा-6 से 12 तक की नि:शुल्क, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है।
विद्यालय सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध है और यहां छात्रावास, भोजन, खेल-कूद, चिकित्सा, यूनिफॉर्म, किताबें, स्मार्ट क्लास, साइंस और कंप्यूटर लैब जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा-6 में 140 और कक्षा-9 में 140 छात्रों समेत कुल 280 छात्रों का चयन किया जाना था। इसके लिए 2 फरवरी को मेरठ मंडल के सभी जनपदों में प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें कुल 840 छात्रों ने हिस्सा लिया। गाजियाबाद से 103 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जिनमें से 30 छात्र-छात्राएं सफल हुए।
गाजियाबाद की अनन्या सैनी ने कक्षा-9 में मेरठ मंडल टॉप किया। परिणाम में बागपत के मोहम्मद हारिश ने कक्षा-6 में मेरठ मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गाजियाबाद की अनन्या सैनी ने कक्षा-9 में मेरठ मंडल में टॉप किया। गाजियाबाद जिले से कुल 9 छात्र-छात्राएं कक्षा-6 में और 21 छात्र-छात्राएं कक्षा-9 में चयनित हुए। अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश परीक्षा के माध्यम से पात्र और जरूरतमंद बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा और संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। गाजियाबाद की अनन्या सैनी की मेरठ मंडल में टॉप रैंक इस जिले के लिए गौरव का विषय है।
















