दिशा समिति की बैठक: जल व भूगर्भ जल को दूषित करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

-जल और भूगर्भ जल को दूषित करने वालों पर करें कड़ी कार्रवाई: अतुल गर्ग
-शहर को प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ, सौंदर्यीकरण को दें प्राथमिकता: सांसद सांगवान
-शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर जोर, प्रधानमंत्री आवास योजना पर विशेष ध्यान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्यों में तेजी लाने और जल एवं भूगर्भ जल को दूषित करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में सांसद अतुल गर्ग की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर नंगे पांव और फटे कुर्ते में पहुंचे, जो चर्चा का विषय बना।
बैठक में गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि जल और भूगर्भ जल को दूषित करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। लोनी क्षेत्र में जींस रंगाई फैक्ट्रियों द्वारा केमिकलयुक्त दूषित जल सीधे भूगर्भ में डाला जा रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है। इसे रोकने के लिए विशेष टीम बनाकर कठोर कदम उठाए जाएं। बैठक में मौजूद विधायकों ने इस समस्या को उठाया, जिस पर सांसद ने संबंधित अधिकारियों को जल प्रदूषण रोकने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि कि गाजियाबाद शहर को स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त और सौंदर्यीकरण की दृष्टि से विकसित करने के लिए प्राथमिकता दी जाए।

महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि शहर में जल्द ही वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट लगाया जाएगा, जिससे कूड़े का प्रभावी निस्तारण होगा और स्वच्छता बनी रहेगी। उन्होंने यह अवगत कराया कि शहर में अवैध झुग्गियों और बस्तियों की संख्या बढ़ रही है, जिससे शहर का सौंदर्यीकरण प्रभावित हो रहा है। महापौर ने इन झुग्गियों को हटाने और बाहरी लोगों की जांच कराने की जरूरत बताई। सांसद अतुल गर्ग ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जीडीए द्वारा बनाए जा रहे आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। जीडीए को यह स्पष्ट करना होगा कि अब तक कितने आवास बने हैं, किस संस्था या बिल्डर के माध्यम से निर्माण कराया जा रहा है और निर्माण कार्य की प्रगति क्या है। उन्होंने विभागों द्वारा लंबित कार्यों की रिपोर्ट तलब करते हुए स्पष्टीकरण कॉल जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में नेशनल हाईवे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर भी चर्चा हुई।

अधिकारियों को दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस उपाय करने के निर्देश दिए गए। जल निगम ने बताया कि शहर में पानी की टंकियों की मरम्मत और रखरखाव नगर पंचायत और नगर पालिका परिषद की जिम्मेदारी है। वहीं, जल आपूर्ति और कनेक्टिविटी से जुड़े कार्य लगातार जारी हैं। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन समेत कई विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में जल और भूगर्भ जल प्रदूषण पर कड़ी कार्रवाई, स्वच्छता और कूड़ा निस्तारण, प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और अवैध झुग्गियों को हटाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर निर्णय लिए गए।

सांसद अतुल गर्ग ने अधिकारियों को सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में महापौर सुनीता दयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, शहर विधायक संजीव शर्मा, मुरादनगर विधायक अजितपाल त्यागी, मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू सिवाच, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भोजपुर ब्लॉक प्रमुख सुचेता सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, जीडीए अभिनव गोपाल, जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन, एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह, जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लोनी विधायक ने रात्रि में तार जलाने की उठाई समस्या
बैठक में लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने बताया कि कुछ इलाकों में रात्रि के समय तार जलाए जाते हैं, जिससे वातावरण प्रदूषित होता है और स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है। इस पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।