-हिंडन खादर क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम अभियान चलाकर दी दबिश
-20 लीटर अवैध कच्ची शराब को बरामद करते हुए 400 किलोग्राम लहन को किया नष्ट
उदय भूमि
गाजियाबाद। ज्येष्ठ की गर्मी में हिंडन खादर क्षेत्र में रात दिन धधकती कच्ची शराब बनाने की भट्टी धीरे धीरे भले ही पुलिस विभाग की पहुंच से दूर होती जा रही हैं, मगर आज भी आबकारी विभाग की कार्रवाई से दूर नही है। जहरीली शराब पीने से प्रदेश के अन्य जनपदों में होने वाली मौत के बाद आबकारी विभाग के साथ पुलिस कुछ दिन कार्रवाई कर जिले में कच्ची शराब न बनने का स्वांग रचता है, कितु उसकी सांठगांठ के आगे इस व्यवसाय से जुड़े लोग शराब की भट्टियों को आग देने से बाज नहीं आते हैं। शराब माफिया के इस गठजोड़ को तोड़ने के लिए जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम अपनी ठोस रणनीति से कार्रवाई को अंजाम दे रहे है। जिसके चलते शराब माफिया भी कहीं न कहीं आबकारी विभाग की कार्रवाई से खौफ में है। कई ग्रामीणों का आरोप है कि गांवों में पुलिस की मिलीभगत से अवैध शराब की भट्टी खुलेआम सुलग रही है। जहां शिकायत करने के बाद भी पुलिस पहुंचती नहीं है।
मौजूदा समय में यह धंधा एक उद्योग का रूप ले चुका है। हाल यह है कि इस धंधे में बेरोजगार युवक लिप्त होकर अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं। खादर क्षेत्र के कई गांवों में अवैध शराब की दर्जनों भट्टी चल रही हैं, जिनमें बनाई जाने वाली अवैध शराब को माफिया आसपास के गावों में सप्लाई करते है। लेकिन पिछले काफी समय से शराब माफिया इस धंधे में कभी कामयाब नहीं हो पाई है। भले ही पुलिस की कार्रवाई से बचकर अपने अवैध धंधे को सजा रहे हो, मगर आबकारी विभाग की कार्रवाई के आगे सभी जुगाड़ फेल होते नजर आ रहे है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कच्ची शराब बनाने के मामले में हिंडन खादर क्षेत्र पूरी तरह बदनाम है। यहां बड़े पैमाने पर कच्ची शराब बनाई जाती है और देहात क्षेत्र के साथ-साथ अन्य जिलों में भी यहां से तस्करी की जाती है। इस शराब की तस्करी के जरिए माफिया हर साल लाखों-करोड़ों के न्यारे-वारे करने की फिराक में रहते है।
इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए शराब माफिया के धंधे को एक बार फिर से ध्वस्त कर दिया। ज्येष्ठ की गर्मी को देख शराब माफिया अपने धंधे को चमकाने के लिए बार फिर से हिंडन खादर क्षेत्र के जंगलों में भट्टी तैयार कर कच्ची शराब तैयार कर रहे थे। मगर जैसे ही इसकी खबर आबकारी विभाग को लगी तो बिना देरी किए आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर शराब की भट्टी को नष्ट कर दिया। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की सभी टीमें अपने-अपने क्षेत्र में दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। गुरुवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली की हिंडन खादर क्षेत्र में अवैध रुप से शराब का निर्माण हो रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा की टीम गठित कर दबिश के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग की टीम ने थाना लोनी के अन्तर्गत भूपखेड़ी और थाना टीला मोड़ के अंतर्गत, भनेडा, रिस्तल, जावली आदि हिंडन खादर क्षेत्रों पर दबिश दी गई।
दबिश के दौरान लगभग 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद करते हुए लगभग 400 किलोग्राम लहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया। आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत 1 अभियोग पंजीकृत किया गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया अवैध शराब के खिलाफ समय समय पर दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई की जाती है। कई बार ऐसा भी होता है कि स्थानीय पुलिस उनका सहयोग नहीं करती है। मगर उसके बाद भी टीम बिना किसी सहयोग के आगे बढ़कर अवैध शराब के धंधे को पूरी तरह से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है। हिंडन खादर क्षेत्र में होने वाले अवैध शराब के कारोबार को खत्म करने के लिए विभाग द्वारा जागरूकता अभियान भी चलाया जाता है।
जिससे ग्रामीण लोग जागरूक होकर आबकारी विभाग की कार्रवाई में अपना सहयोग प्रदान कर रहे है। लोगों की जागरूकता से ही इस अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से खत्म किया जा सकता है। जिसमें आबकारी विभाग को काफी हद तक सफलता भी प्राप्त हो रही है। इसके साथ ही बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीमें दिन-रात डासना, दुहाई टोल टैक्स के साथ दिल्ली से गाजियाबाद में आने वाले सभी मार्गों पर चेकिंग कर रही है। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



















