अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने शुरु किया बड़ा अभियान

-24×7 एक्शन मोड में आबकारी विभाग, अवैध शराब समेत दो तस्कर गिरफ्तार
-दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर कड़ी निगरानी, लाइसेंसी दुकानों की भी जांच

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जनपद गौतमबुद्ध नगर में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग ने व्यापक स्तर पर मोर्चा खोल दिया है। जिले में शराब माफियाओं के खिलाफ एक के बाद एक सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चल रहे इस मिशन में विभाग की टीमें दिन-रात छापेमारी, चेकिंग और निगरानी में जुटी हुई हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले को अवैध शराब से मुक्त करना और आमजन को सुरक्षित, स्वच्छ व पारदर्शी शराब बाजार उपलब्ध कराना है। विभाग न केवल तस्करों की धरपकड़ कर रहा है, बल्कि बिना लाइसेंस के शराब परोसने वाले बार, ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंट्स पर भी औचक निरीक्षण कर रहा है। शराब की ओवररेटिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुप्त टेस्ट परचेजिंग के माध्यम से दोषियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। रविवार देर रात को थाना दनकौर से आबकारी निरीक्षक नामवर सिंह और सेक्टर-20 क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में दो शराब तस्कर सलमान उर्फ हंडिया और संदीप कश्यप को गिरफ्तार किया गया।

सलमान उर्फ हंडिया के पास से 37 पव्वे कैटरीना देसी शराब यूपी मार्का बरामद हुई। वहीं संदीप कश्यप के पास से 16 पौवा रॉयल स्टैग विदेशी शराब और 15 कैन टूवर्ग बियर (दिल्ली मार्का) जब्त की गई। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने इन तस्करों को मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि सलमान लाइसेंसी दुकानों से शराब खरीदकर रात में महंगे दामों पर बेचता था। वहीं संदीप दिल्ली से सस्ती शराब लाकर जिले में ऊंचे दाम पर बेचता था। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर हाई अलर्ट
जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए दिल्ली और हरियाणा से लगने वाले सभी बॉर्डरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हर आने-जाने वाले वाहन की गहनता से जांच की जा रही है ताकि तस्करी की किसी भी कोशिश को समय रहते विफल किया जा सके।

बार-होटलों पर भी नजर
आबकारी विभाग ने जिले के भीतर बिना लाइसेंस शराब परोसने वाले संस्थानों के खिलाफ भी अभियान तेज कर दिया है। हाल के दिनों में कई बार और रेस्टोरेंट्स पर कार्रवाई की गई है, जहां बिना लाइसेंस शराब परोसी जा रही थी या अधिक मूल्य पर बेची जा रही थी। इन जगहों पर औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं और नियमों के उल्लंघन पर सीलिंग की कार्रवाई भी हो रही है।

जीरो टॉलरेंस नीति, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ हमारी नीति जीरो टॉलरेंस की है। 24 घंटे, 365 दिन हमारी टीमें निगरानी में जुटी हैं। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्रीय निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने क्षेत्रों को अवैध शराब मुक्त करें। उन्होंने कहा हमारी प्राथमिकता जिले को अवैध शराब के खतरे से मुक्त करना है। इसके लिए हमारी टीमें 24&7 एक्शन मोड में हैं। तस्करों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हर स्तर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। बार, रेस्टोरेंट, ढाबों और शराब दुकानों पर भी नियमित जांच हो रही है। जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। हमने सभी आबकारी निरीक्षकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में हर संदिग्ध गतिविधि पर कार्रवाई करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जनता से अपील
विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं पर अवैध शराब की बिक्री, भंडारण या तस्करी की जानकारी मिलती है तो तुरंत विभाग को सूचित करें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उनके सहयोग से जिले को अवैध शराब के जाल से पूरी तरह मुक्त किया जा सकें।