ड्राई डे पर तस्करों की चाल को आबकारी विभाग की टीम ने किया नाकाम, अवैध शराब समेत तस्कर गिरफ्तार

-शराब का स्टॉक छुपाकर बेचने की योजना फेल
-अभियान की असरकारिता: तस्करों में खौफ, कानून का सम्मान बढ़ा
-त्योहारों और राष्ट्रीय पर्वों पर सुरक्षा अलर्र्ट, प्रशासन मुस्तैद

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। गांधी जयंती के पवित्र अवसर पर पूरे प्रदेश में ड्राई डे घोषित होने के बावजूद कुछ तस्कर मुनाफाखोरी की नियत से सक्रिय हो गए थे, लेकिन जिले में आबकारी विभाग की सतर्कता ने उनकी साजिश को नाकाम कर दिया। बुधवार देर रात दादरी क्षेत्र में आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय और थाना दादरी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम रामगढ़ के पास छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरविंद उर्फ नन्हे पुत्र चिमनलाल निवासी बिसहाड़ा के रूप में हुई है। तलाशी में उसके पास से कुल 90 पौवे देशी शराब बरामद हुई जो ‘मिस इंडिया’ ब्रांड की थी और प्रत्येक की धारिता 200 मिलीलीटर बताई गई। उक्त शराब जिले की लाइसेंसी दुकानों से खरीदी गई बताई जा रही है, जिसे आरोपी ने छुपाकर रखा था ताकि ड्राई डे के दिन उसे ऊँचे दाम पर बेचकर मोटा लाभ अर्जित कर सके। मौके से आरोपी के उपयोग में आने वाले दोपहिया वाहन को भी सीज कर लिया गया है और बरामद शराब का विस्तृत रिकार्ड तैयार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग का लक्ष्य जिले में अवैध शराब कारोबार का पूर्ण उन्मूलन है। उन्होंने कहा कि ड्राई डे जैसे खास दिनों में तस्कर पहले से स्टॉक कर लेते हैं और बढ़े हुए दाम पर बेचकर ग्राहकों का शोषण करते हैं। इसीलिए उनकी टीमें साल भर चौबीसों घंटे अलर्ट रहती हैं और सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हैं। सुबोध श्रीवास्तव ने स्पष्ट कहा कि विभाग केवल एक-एक किस्म के आरोपियों को पकड़ेगा ही नहीं बल्कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने और उसे जड़ से उजाडऩे के लिए कदम उठाएगा।
आबकारी की इस कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों में संतोष का वातावरण बना है। अनेक लोगों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाईयों से अवैध कारोबारियों में भय बना रहेगा और त्योहारों के दौरान समाज सुरक्षित रहेगा। एक प्रतिनिधि नागरिक ने कहा कि अवैध और मिलावटी शराब न सिर्फ आर्थिक शोषण पैदा करती है बल्कि स्वास्थ्य के लिहाज से भी जानलेवा साबित हो सकती है, अत: ऐसी कार्रवाई अति आवश्यक है।

आबकारी विभाग ने जनता से भी सक्रिय सहयोग का आग्रह किया है। सुबोध श्रीवास्तव ने अपील की कि यदि किसी स्थान पर शराब का अवैध उत्पादन, भंडारण या बिक्री हो रही है तो तुरंत विभाग को सूचना दें। विभाग ने यह भी बताया कि प्राप्त सूचनाओं पर गोपनीयता बनाए रखते हुए त्वरित छापेमारी की जाती है ताकि चोरी-छुपे चल रहे गिरोहों को पकड़ा जा सके। पिछले कुछ महीनों में गौतमबुद्ध नगर में आबकारी टीम ने कई छापेमारियाँ कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है और कई तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इन कार्रवाइयों के चलते तस्करों में खौफ उत्पन्न हुआ है और जिले में अवैध शराब की उपलब्धता पर नियंत्रण में मदद मिली है। विभाग का मानना है कि सख्ती के साथ-साथ आम नागरिकों की जागरूकता और रिपोर्टिंग भी इस मुहिम की सफलता के लिए निर्णायक है।

अभियान के अगले चरण में आबकारी विभाग बरामद माल के स्रोत, खरीद के बिल, और गिरफ्तारी से जुड़े वित्तीय लेन-देन की पड़ताल करेगा। आरोपी के संभावित साथियों और आपूर्ति चैनल की भी जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यह एक अलग घटना है या किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा मामला। विभाग ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ी तो और खुफिया कार्रवाई तथा छापेमारी जारी रहेंगी। इस तरह की सतर्कताओं से स्पष्ट संदेश गया है कि त्योहारों और राष्ट्रीय पर्वों पर भी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी सूरत में अवैध कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा।