• शराब तस्करों पर शिकंजा, ढाबों-होटलों की हो रही सघन चेकिंग
• शादी समारोहों में घुसकर हो रही जांच, बिना लाइसेंस शराब पार्टी पर त्वरित कार्रवाई
उदय भूमि
गाजियाबाद। जनपद में अवैध शराब के कारोबार और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आबकारी विभाग की सख्ती बढ़ गई है। आगामी दिनों में शराब की दुकानों की ई-लॉटरी प्रक्रिया और होली पर्व को देखते हुए आबकारी विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। खासतौर पर बाहरी राज्यों से होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए विभाग की टीम लगातार अभियान चला रही है। शहर के ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंट्स और बारों पर बिना लाइसेंस के शराब परोसने वालों पर आबकारी विभाग की पैनी नजर है। आबकारी विभाग की टीमें रोज़ अलग-अलग इलाकों में संयुक्त रूप से दबिश और चेकिंग अभियान चला रही हैं, जिससे अवैध रूप से संचालित शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। त्योहार के अलावा शादी सीजन में भी अवैध शराब परोसने की घटनाओं को रोकने के लिए आबकारी विभाग का अमला पूरी तरह से मुस्तैद है। विभाग की टीमें सिविल वर्दी में शादी समारोहों में शामिल होकर मैरिज हॉल, फार्म हाउस और होटल में शराब पार्टियों की जांच कर रही हैं। अगर बिना लाइसेंस के शराब परोसी जाती पाई गई, तो तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब कारोबारियों पर चला आबकारी विभाग का डंडा
रविवार रात को जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम के निर्देश पर आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा, मनोज शर्मा, डॉ. राकेश त्रिपाठी, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य और अखिलेश कुमार की संयुक्त टीम ने सिहानी गेट और कविनगर थाना क्षेत्र में बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कई ढाबों और रेस्टोरेंट्स की तलाशी ली गई और संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि अगर उनके परिसर में अन्य राज्यों की अवैध शराब पाई गई या ग्राहकों को शराब परोसते हुए पकड़ा गया, तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शराब की दुकानों के आसपास भी विशेष चेकिंग अभियान
आबकारी विभाग ने जनपद स्थित रॉयल एंबिएंस पार्टी लॉन, अवध पैलेस, गोल्डन व्यू रिसॉर्ट सहित कई मैरिज हॉल, पार्टी लॉन और फार्म हाउस की जांच की। सभी संचालकों को बिना ओकेजनल बार लाइसेंस शराब परोसने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। विभाग ने शराब की दुकानों के आसपास सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों को भी सख्त हिदायत दी कि वे शराब खरीदने के बाद घर या लाइसेंसी कैंटीनों में ही इसका सेवन करें। विभाग ने नागरिकों से अपील की कि वे अवैध शराब कारोबारियों की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें, जिससे इस गैरकानूनी धंधे पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।
ओवरचार्जिंग करने वाले शराब विक्रेताओं पर होगी कार्रवाई
आबकारी विभाग की टीम ने शराब की लाइसेंसी दुकानों का भी निरीक्षण किया और ग्राहकों से विक्रेताओं के व्यवहार का फीडबैक लिया। यदि कोई विक्रेता शराब पर अंकित मूल्य से अधिक दाम वसूलता है, तो ग्राहक दुकान के बाहर दिए गए नंबर पर आबकारी विभाग के संबंधित इंस्पेक्टर से शिकायत कर सकते हैं।
होली से पहले बढ़ेगी सख्ती
होली के दौरान शराब की मांग में भारी इजाफा होता है, जिसके चलते बाहरी राज्यों से अवैध शराब की तस्करी बढ़ने की संभावना बनी रहती है। इसे रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीमें हाईवे, बॉर्डर चेकपॉइंट और रेलवे स्टेशनों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाएंगी। त्योहारों के चलते अवैध शराब के वितरण पर भी विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके।
जनता से अपील: अवैध शराब की दें जानकारी
आबकारी विभाग ने जनता से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं अवैध शराब की बिक्री, तस्करी या भंडारण की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और आपकी सूचना पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी। गौरतलब हो कि आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करी और बिना लाइसेंस शराब परोसने वालों पर शिकंजा कस दिया है। होली और शादी के सीजन को देखते हुए विभाग की टीमें बॉर्डर इलाकों, ढाबों, होटलों, फार्म हाउस और लाइसेंसी दुकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। इस कार्रवाई से शराब माफियाओं और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

जिला आबकारी अधिकारी
गाजियाबाद में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान को लेकर जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने कहा जनपद में अवैध शराब की बिक्री और बाहरी राज्यों से तस्करी को पूरी तरह से रोकने के लिए आबकारी विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। होली और शादी के सीजन को देखते हुए हमारी टीमें दिन-रात गश्त कर रही हैं और हर संदिग्ध स्थान पर छापेमारी की जा रही है। बिना लाइसेंस के शराब परोसने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा हमारी विशेष टीमें सिविल वर्दी में शादी समारोहों, मैरिज हॉल, फार्म हाउस और होटलों की जांच कर रही हैं। यदि कोई बिना लाइसेंस के शराब पिलाते हुए पकड़ा जाता है, तो तत्काल कार्रवाई होगी। इसके अलावा, शराब की दुकानों के बाहर ओवरचार्जिंग या नियमों के उल्लंघन की शिकायतें भी गंभीरता से ली जाएंगी। जनपद में अवैध शराब कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। आम नागरिक अवैध शराब की किसी भी जानकारी को तुरंत विभाग तक पहुंचाएं। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।

















