कैमकुस कॉलेज में दिव्यांगजन के साथ दुर्व्यवहार, हिंसा और शोषण से सुरक्षा विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न

उदय भूमि
गाजियाबाद। भागीरथ सेवा संस्थान द्वारा संचालित कैंपस कॉलेज ऑफ स्पेशल एजुकेशन एंड रिसर्च के सभागार में दो दिवसीय सीआरई प्रोग्राम का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यशाला का विषय था- दिव्यांगजन के साथ दुर्व्यवहार, हिंसा और शोषण से सुरक्षा। कार्यक्रम का शुभारंभ  22 फरवरी और समापन 23 $फरवरी को हुआ। इस कार्यक्रम को भारतीय पुनर्वास परिषद द्वारा सीआरई स्थिति प्राप्त है। इस कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से करीब 80 रिहैब प्रोफेशनल एवं स्पेशल एजुकेटर ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत भागीरथ सेवा संस्थान के निदेशक अमिताभ सुकुल ने दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम के पहले दिन रिहैब प्रोफेशनल माहेश्वरी चौधरी ने व्याख्यान की शुरुआत की। उसके बाद रिहैब प्रोफेशनल रूमकी घोष और नीतू त्यागी एवं अंत में प्रियंका भनोट ने विषय पर अपने व्याख्यान रखे।

कार्यशाला के दूसरे दिन रिहैब प्रोफेशनल विकास तिवारी, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता कीर्तिकर सुकुल और वरिष्ठ पत्रकार डॉ बी. जमा ने विषय पर अपना पक्ष रखा। कार्यक्रम के अंत में भागीरथ सेवा संस्थान के निदेशक अमिताभ सुकुल ने सीआरई कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले सभी रिहैब प्रोफेशनल, स्पेशल एजुकेटर और कार्यक्रम में आए वक्ताओं को धन्यवाद ज्ञापित किया। गौरतलब है कि भागीरथ सेवा संस्थान राष्ट्र स्तरीय समाज सेवी संस्था है, जो पिछले 49 वर्षो से समाज सेवा के लिए अनवरत प्रयासरत है।  संस्थान दिव्यांग बच्चों की शिक्षा एवं व्यवसायिक शिक्षा के लिए स्पेशल स्कूल, डे-केयर सेंटर एवं ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट का संचालन कर रहा है। दिव्यांजन हेतु किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए संस्थान को वर्ष 2021-22 के लिए प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ संस्था चुना गया है एवं मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी द्वारा पुरस्कृत होने का भी गौरव प्राप्त है।