भ्रमण : अयोध्या पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

रामनगरी में विकास कार्यों की समीक्षा, दिए निर्देश

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अयोध्या नगरी में जारी विकास कार्यों की समीक्षा की। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार पर सीएम ने नाराजगी व्यक्त की। संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित कार्य तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले राम जन्मभूमि परिसर में रामलला के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। तदुपरांत वहां संचालित निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मणिराम दास छावनी पहुंचे। वहां उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास से मुलाकात की। इसके बाद वह रामकथा संग्रहालय पहुंचे। वहां उपस्थित जनप्रतिनिधियों व संबंधित अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। सीएम योगी आदित्यनाथ ने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या को वर्ल्ड क्लास की सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। अयोध्या में जल्द राम की पैड़ी पर सरयू की जलधारा हरिद्वार की हरकी पैड़ी की तरह प्रवाहित हो जाएगी। समूची अयोध्या की सड़कें चौड़ी होंगी। इससे अयोध्यावासियों को भी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि देश के सभी राज्यों और पंथ-संप्रदायों के गेस्ट हाउस के निर्माण को भी साकार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज के निर्माण में तेजी लाने के भी निर्देश दिए हैं। वहीं, उत्तराखंड त्रासदी पर सीएम योगी ने गहरी संवेदना जाहिर की। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ती है तो हम उत्तराखंड सरकार की सहायता करेंगे। उन्होंने कहा कि अलखनंदा गंगा की सहायक नदी है, इसलिए बाढ़ का खतरा गंगा नदी में भी संभावित है, जिसका तटीय क्षेत्र एक हजार किलोमीटर लंबा है। अलबत्ता उत्तर प्रदेश की सरकार पूरी तरह से सतर्क है। सरकार ने जल शक्ति विभाग को सतर्क कर दिया है।