आईटीएस डेंटल कॉलेज में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर व्यापक जागरूकता अभियान आयोजित

-‘आकर्षण का पर्दाफाश: तंबाकू और निकोटीन उत्पादों पर उद्योग की रणनीतियों को उजागर करना’
-थीम के तहत मरीजों, छात्रों और आम जनता को तंबाकू के दुष्प्रभावों से दी जानकारी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दिल्ली मेरठ रोड़ स्थित आईटीएस डेंटल कॉलेज के पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री एवं ओरल मेडिसिन एंड रेडियोलॉजी विभाग द्वारा शुक्रवार और शनिवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस भव्य रूप से मनाया गया। इस वर्ष की थीम आकर्षण का पर्दाफाश तंबाकू और निकोटीन उत्पादों पर उद्योग की रणनीतियों को उजागर करना थी, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के वैश्विक अभियान के अनुरूप तंबाकू के खतरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और तंबाकू उपयोग को कम करने की दिशा में प्रभावी नीतियों को समर्थन देती है। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज ने मरीजों, छात्रों और दंत चिकित्सकों के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया।

तंबाकू उपयोगकर्ताओं के लिए ओपीडी में तंबाकू सिसेशन हेल्प डेस्क लगाया गया, जहां मौखिक कैंसर जैसे गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त डेंटल ओपीडी में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से तंबाकू सेवन के नुकसान और स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। डासना जेल, पंची और मुरादनगर में भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें यह संदेश दिया गया कि तंबाकू और निकोटीन उत्पाद अत्यधिक लत उत्पन्न करने वाले होते हैं और उद्योग द्वारा इन्हें उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बांधे रखने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया जाता है।

बीडीएस एवं एमडीएस के छात्रों के लिए स्लोगन लेखन, क्विज़ और पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जो डब्ल्यूएचआ की थीम पर आधारित थीं। विजेता छात्रों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की सफलता पर सभी प्रतिभागियों ने आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आरपी चड्ढा, वाईस चेयरमैन अर्पित चड्ढा, और संस्थान के डायरेक्टर-प्रिंसिपल डॉ. देवी चरण शेट्टी को धन्यवाद एवं प्रशंसा दी। यह आयोजन तंबाकू के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, जो न केवल कॉलेज के छात्रों व स्टाफ बल्कि व्यापक समाज में भी सकारात्मक संदेश पहुंचाने में सफल रहा।