-क्रिसमस और नववर्ष पर सख्त निगरानी, आबकारी अधिकारी की सक्रियता से जनता सुरक्षित
-शहर में उत्सव का माहौल, प्रशासन ने तैयारियों को और भी मजबूत किया
-दिल्ली और हरियाणा बॉर्डर पर चौकसी और निगरानी सुनिश्चित, आबकारी विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सयुक्त टीमें रहेगी मुस्तैद
-शहर में उत्सव का माहौल, प्रशासन ने तैयारियों को और भी मजबूत किया
उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। जैसे ही क्रिसमस और नववर्ष का पर्व नजदीक आया, शहर में उत्साह और उमंग का माहौल दिखने लगा है। युवा इस अवसर को यादगार बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं बना रहे हैं, तो वहीं होटल, रिसॉर्ट, बार, क्लब, सोसाइटी, फार्म हाउस, रेस्टोरेंट, मैरिज हॉल और कम्यूनिटी सेंटर के संचालक भी अपने-अपने स्तर पर विशेष तैयारियों में जुटे हैं। प्रशासन ने इस बार के पर्व को लेकर सुरक्षा और व्यवस्था की तैयारी को और भी कड़ा कर दिया है। पुलिस और आबकारी विभाग ने विशेष निर्देश जारी किए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, शराब तस्करी या अवैध शराब वितरण को रोका जा सके। प्रदेश सरकार के आबकारी विभाग ने शराब की दुकानों के बंद होने के समय में भी विशेष बदलाव किए हैं। अब क्रिसमस (24 और 25 दिसंबर) तथा नववर्ष (30 और 31 दिसंबर) के अवसर पर शराब की दुकानों को रात 11 बजे तक खोलने की अनुमति दी गई है। इससे शराब प्रेमियों को खरीदारी का एक घंटा अतिरिक्त समय मिलेगा। वहीं आबकारी विभाग के राजस्व में बढोत्तरी होने के साथ ही अवैध शराब की बिक्री पर भी रोक लग सकेगी। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने क्रिसमस और नववर्ष के अवसर के लिए बेहद सख्त और व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।
उन्होंने बताया कि इस बार सात संयुक्त टीमों का गठन किया गया है, जिनमें आबकारी विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के प्रतिनिधि शामिल हैं। टीमों के सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता बरतने और अवैध शराब तस्करी रोकने के लिए विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अंतर्गत आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय, अखिलेश बिहारी वर्मा, सचिन त्रिपाठी, डॉ. शिखा ठाकुर, अभिनव शाही, नामवर सिंह और संजय चन्द्र को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे शराब तस्करी पर कड़ी नजर रखें। विशेष रूप से बाहरी राज्यों से शराब लाने वाले तस्करों पर हर हाल में कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इन टीमों का उद्देश्य अवैध शराब की तस्करी, बिना लाइसेंस शराब वितरण और अनियंत्रित शराब पार्टियों को रोकना है। सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की सख्त निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों से शराब लाने वाले तस्करों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और उन्हें किसी भी हाल में कानून की गिरफ्त से नहीं बचने दिया जाएगा।
बॉर्डर पर चौकसी और निगरानी
बाहरी राज्यों से शराब तस्करी को रोकने के लिए दिल्ली और हरियाणा की सीमाओं पर 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की गई है। हरियाणा के सिरसा और लोहारली बोर्डर तथा दिल्ली के कालिंदी कुंज बोर्डर पर तीन शिफ्टों में निरीक्षण जारी रहेगा। प्रत्येक शिफ्ट में आबकारी, पुलिस और प्रवर्तन विभाग की टीमें सक्रिय रहेंगी। जिला आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शराब की बिक्री और खरीदी का हर दस्तावेज जांचा जाएगा। किसी भी दुकान, बार या समारोह में बिना लाइसेंस शराब पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पिछले वर्ष हुई अवैध शराब की घटनाओं को देखते हुए इस बार कोई भी चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अनुज्ञापत्र और लाइसेंस का पालन अनिवार्य
सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार के सार्वजनिक या निजी समारोह में शराब परोसने के लिए ऑकेजनल बार अनुज्ञापन (एफएल-11) होना अनिवार्य है। समारोह में केवल उत्तर प्रदेश राज्य में बेची गई अनुमन्य मदिरा का ही उपयोग किया जा सकता है। किसी अन्य प्रांत की शराब पाए जाने या बिना लाइसेंस के शराब परोसने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर में आकस्मिक निरीक्षण टीमों का गठन किया गया है, जो समारोह स्थलों पर जाकर यह सुनिश्चित करेंगी कि सभी कार्यक्रम कानूनी नियमों का पालन कर रहे हैं।
सुरक्षा और नियंत्रण को और भी सुदृढ़ बनाने के निर्देश
सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि सिर्फ आबकारी नियंत्रण ही प्राथमिकता नहीं है, बल्कि जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था भी सर्वोच्च है। पुलिस और आबकारी टीमों ने बड़े कार्यक्रम स्थल, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन तैयारियों की गहन निगरानी सुनिश्चित की है। उन्होंने सभी निरीक्षकों को निर्देशित किया कि किसी भी हाल में शराब तस्करी या अवैध वितरण की अनुमति न दी जाए। इसके अलावा, समारोह स्थलों पर आग, सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन प्रबंधों को भी सुनिश्चित किया गया है।
शहर में संतुलन बनाए रखना: उत्सव और सुरक्षा दोनों
सुबोध कुमार श्रीवास्तव की सक्रियता और दूरदर्शिता के चलते, इस बार क्रिसमस और नववर्ष का जश्न सुरक्षित और आनंदमय तरीके से मनाया जाएगा। आबकारी विभाग और पुलिस की टीमों की सतर्क निगरानी के कारण किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकना आसान होगा। शहर में शराब पार्टी, शादी-विवाह, क्लब या फार्म हाउस में होने वाले समारोहों पर नियमित निरीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करें और सुनिश्चित करें कि सभी गतिविधियाँ कानूनी दायरे में रहें।
जनता और प्रशासन के बीच भरोसे का पुल
इस बार का क्रिसमस और नववर्ष केवल उत्सव का प्रतीक नहीं बल्कि सुरक्षा, नियम और कानूनी अनुपालन का भी उदाहरण बनेंगे। सुबोध कुमार श्रीवास्तव की कड़ी निगरानी और सक्रिय कार्यशैली ने कानून व्यवस्था को मज़बूत किया है। जनता के लिए यह व्यवस्था विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक है। शहर में सभी आयोजन स्थल सुरक्षित और कानूनी ढांचे के अनुसार काम करेंगे। जनता भी इस प्रयास से यह समझ सकेगी कि प्रशासन और आबकारी विभाग हर अवसर पर उनके सुरक्षा और व्यवस्था को प्राथमिकता देते हैं। इस तरह, इस बार का क्रिसमस और नववर्ष न केवल यादगार होगा बल्कि इसे सुरक्षित, नियमबद्ध और व्यवस्थित तरीके से मनाने का उदाहरण भी बनेगा। सुबोध कुमार श्रीवास्तव की कार्यशैली ने प्रशासन की सक्रियता, कानूनी कार्रवाई और जनता की सुरक्षा का उत्कृष्ट समन्वय स्थापित किया है।
थोक गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण
जिले में देशी, विदेशी शराब और बीयर के थोक गोदामों का निरीक्षण किया गया। अभियान में बीआईओ, बीडब्ल्यूएफएल 2ए, 2बी और 2 सी लाइसेंस वाले थोक गोदामों की आकस्मिक जांच की जा रही है। निरीक्षण का उद्देश्य अवैध शराब बिक्री और भंडारण की रोकथाम करना तथा सुनिश्चित करना था कि सभी गोदाम सरकारी नियमों का पालन कर रहे हैं। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया हमारा मुख्य लक्ष्य क्रिसमस और नववर्ष के अवसर पर शराब से जुड़े अपराधों को रोकना है। निरीक्षण के दौरान किसी भी गोदाम में अनियमितता पाए जाने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान टीमों ने गोदामों के लाइसेंस, स्टॉक रिकॉर्ड और भंडारण की स्थितियों की पूरी तरह जांच की। टीमों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर जारी रहेगा।
हमारे जिले में क्रिसमस और नववर्ष के अवसर पर होने वाले समारोहों, पार्टियों और सार्वजनिक आयोजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। आबकारी विभाग ने इस अवसर के लिए विशेष ‘फेस्टिवल लॉ एंड ऑर्डर मिशन’ शुरू किया है। हमारी टीमों ने जिले के सभी बार, क्लब, होटल, रेस्टोरेंट, फार्महाउस और कम्युनिटी सेंटरों में लगातार निगरानी तेज कर दी है। बिना लाइसेंस शराब परोसने या अवैध शराब तस्करी की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए हमने जिला स्तर पर तीन संयुक्त निरीक्षण टीमों का गठन किया है, जो 8-8 घंटे की तीन शिफ्ट में लगातार कार्रवाई करेंगी। दिल्ली और हरियाणा के बॉर्डर पर भी विशेष चेकिंग की जा रही है, ताकि बाहरी राज्यों से अवैध शराब जिले में प्रवेश न कर सके। हमारे लक्ष्य जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना, कानून का पालन कराना और किसी भी अवैध गतिविधि पर तुरंत सख्त कार्रवाई करना। हमने अपने सभी निरीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि क्रिसमस और नववर्ष के दौरान एक भी शराब की बोतल बिना एक्साइज ड्यूटी चुकाए नहीं बिकी, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, किसी भी आयोजक को समारोह (ऑकेजनल) बार लाइसेंस के बिना शराब परोसने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सुबोध कुमार श्रीवास्तव
जिला आबकारी अधिकारी

















