गंगा एक्सप्रेसवे को नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ेगा न्यू लिंक एक्सप्रेसवे, जनवरी से शुरू होगी जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया

– यमुना प्राधिकरण की तैयारी पूरी, न्यू लिंक एक्सप्रेसवे से यातायात और व्यवसाय दोनों को मिलेगा लाभ
-बुलंदशहर से फिल्म सिटी तक 74 किमी लंबा एक्सप्रेसवे, स्थानीय ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर आवागमन सुविधा

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। गंगा एक्सप्रेसवे को नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जोडऩे के लिए प्रस्तावित 74 किलोमीटर लंबे न्यू लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। इस परियोजना के लिए जनवरी से जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) अपने क्षेत्र में इस परियोजना के लिए 16 गांवों की लगभग 740 एकड़ जमीन खरीदेगा। इस पर करीब 1200 करोड़ खर्च होंगे। यीडा के सेक्टरों के किनारे 24 मीटर चौड़ी रोड बनेगी। यह न्यू लिंक एक्सप्रेसवे बुलंदशहर में स्याना के पास से शुरू होकर फिल्म सिटी के पास यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। यमुना एरिया में 21 किमी का हिस्सा आएगा। इसमें से 9 किमी एलिवेटेड होगा। सर्विस रोड के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, सर्विस रोड के माध्यम से औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यह न्यू लिंक एक्सप्रेसवे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश और नोएडा एयरपोर्ट के बीच आवागमन को और अधिक सुगम बनाएगा। इसके बन जाने से गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वाले लोगों को सीधे एयरपोर्ट तक पहुंचने में आसानी होगी, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। जमीन खरीद की प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। किसानों और जमीन मालिकों को नियमानुसार मुआवजा देने की तैयारी भी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की असंतोष की स्थिति न बने।अधिकारियों का कहना है कि यह एक्सप्रेसवे न केवल यातायात को सुचारु बनाएगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा। न्यू लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना को राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल किया गया है। उम्मीद की जा रही है कि जमीन अधिग्रहण पूरा होते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जाएगा, ताकि तय समयसीमा में इस महत्वपूर्ण परियोजना को पूरा किया जा सके।

राकेश कुमार सिंह
मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ)
यमुना प्राधिकरण

न्यू लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर जमीन अधिग्रहण की तैयारी पूरी हो चुकी है। जनवरी महीने से हम जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू करेंगे। इस प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराया जाएगा। किसानों और जमीन मालिकों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की असंतोषजनक स्थिति न बने। यह एक्सप्रेसवे न केवल गंगा एक्सप्रेसवे को नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सीधे जोड़ेगा, बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगा और स्थानीय आवागमन को अधिक सुगम बनाएगा। हमें उम्मीद है कि जमीन अधिग्रहण के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू होगा और परियोजना निर्धारित समय सीमा में पूरी होगी।
आरके सिंह,
सीईओ, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण