-एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित किया भव्य योग शिविर
उदय भूमि संवाददाता
हल्द्वानी। एक समाज श्रेष्ठ समाज संस्था ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को हल्द्वानी स्थित आर्मी कैंट में एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों सैन्य जवानों और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू और योगा प्रभारी धर्मा कुमारी के नेतृत्व में किया गया। शिविर में योग के महत्व को रेखांकित करते हुए योग को व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण तक की यात्रा का सशक्त माध्यम बताया गया। संस्था की योगा प्रभारी धर्मा कुमारी और सदस्य मनीष साहू ने संयुक्त रूप से अपने विचार साझा करते हुए कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आत्मिक बल, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र सेवा की भावना को भी प्रबल करता है।
उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से व्यक्ति अपने शरीर, मन और मस्तिष्क को प्रकृति से जोड़ता है और आंतरिक शक्ति का विकास करता है। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों को सांस नियंत्रण, एकाग्रता और संयम पर आधारित विविध योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। वक्ताओं ने बल दिया कि योग सहनशीलता, अध्यात्मिकता और सामाजिकता से परिपूर्ण एक ऐसी पद्धति है जो व्यक्ति को धर्म, समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करती है। शिविर में प्रमुख रूप से जया जोशी, पूर्णिमा रजवार, रोहतास प्रजापति, सूरज मिस्त्री, दीपक कुमार, सुशील राय सहित संस्था के कई सक्रिय सदस्य मौजूद रहे।
आयोजन की भव्यता और अनुशासित वातावरण ने योग के प्रति सैन्य जवानों के उत्साह और समर्पण को स्पष्ट रूप से उजागर किया। कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष योगेन्द्र कुमार साहू ने कहा कि योग न केवल हमारी संस्कृति की धरोहर है, बल्कि यह आधुनिक जीवन की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मानसिक स्थिरता और आत्मबल का प्रमुख स्रोत भी है। हमें इसे अपनी दिनचर्या में शामिल कर देश सेवा की दिशा में और अधिक सशक्त बनना चाहिए।

















