अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, अनधिकृत कॉलोनियों पर कसी नकेल

-उपाध्यक्ष अतुल वत्स के सख्त निर्देशों पर जोन-4 में ध्वस्तीकरण व सीलिंग की कार्रवाई

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शनिवार को अनधिकृत निर्माण और कॉलोनियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। जीडीए उपाध्यक्ष श्री अतुल वत्स के स्पष्ट निर्देशों के तहत प्रवर्तन जोन-4 में दो स्थलों पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में न केवल अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया, बल्कि सीलिंग भी की गई, जिससे प्राधिकरण की कार्यशैली में पारदर्शिता और प्रतिबद्धता की झलक स्पष्ट हुई। जोन-4 के प्रभारी एवं विशेष कार्याधिकारी राजीव रत्न सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता विनय वर्मा और अवर अभियंता गिरिजा शंकर मल्ल की टीम ने पुलिस बल की उपस्थिति में पंचवटी से कोटगांव को जोडऩे वाले मार्ग पर भूखंड संख्या सी-150 पर बिना स्वीकृति के बनाई जा रही इमारत को सील कर दिया।

यह निर्माण रमा गोयल द्वारा बिना जीडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए कराया जा रहा था। इसके अतिरिक्त शास्त्री नगर स्थित भवन संख्या एससी-84 में सेवानिवृत्त निरीक्षक बलराम सिंह कुशवाहा की पुत्री रश्मि के नाम आवंटित जीडीए फ्लैट में खुले स्थान पर नियमों की अवहेलना करते हुए दो कमरों का अनधिकृत निर्माण कर लिया गया था। प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोज़र चलाते हुए दोनों कमरों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान निर्माणकर्ताओं ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता और तत्परता से कार्रवाई निर्विघ्न संपन्न हुई।

जीडीए की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अनधिकृत निर्माणों और कॉलोनियों के विरुद्ध यह अभियान केवल शुरुआत है। भविष्य में भी ऐसी ही कठोर कार्रवाइयां लगातार की जाती रहेंगी ताकि शहर का सुनियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके और अव्यवस्था पर रोक लगाई जा सके। जीडीए ने संदेश दिया है कि शहर की जमीनों पर अवैध कब्जे और निर्माण बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। प्रशासनिक इच्छाशक्ति और योजनाबद्ध कार्रवाई से एक स्वच्छ, सुरक्षित और नियोजित गाजियाबाद का निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा।