तीज की हरियाली और तिरंगे के रंग में रंगा गौतम पब्लिक स्कूल, बच्चों ने दिखाई संस्कृति व देशभक्ति की झलक

  • मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई कलात्मक प्रतिभा, लोक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
  • तिरंगा फूल से लेकर पतंग तक विद्यार्थियों ने रचनात्मकता से सजाया विद्यालय परिसर
  • स्वतंत्रता सेनानियों के पोस्टर बनाकर बच्चों ने किया वीरों के त्याग को नमन
  • हरे परिधानों में नजर आए नन्हे विद्यार्थी, तीज के गीतों से गूंजा विद्यालय परिसर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित गौतम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को हरियाली तीज एवं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक, रचनात्मक और देशभक्ति से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और देशभक्ति के रंगों से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जहां हरियाली तीज की परंपराओं को जीवंत किया, वहीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे और स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया। हरियाली तीज के अवसर पर विद्यालय के छोटे बच्चे हरे रंग के परिधानों में नजर आए। उन्होंने तीज से जुड़े गीतों और लोक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं लोक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। विद्यालय में विभिन्न प्रकार की मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इसके साथ ही अंतर-सदनीय मेहंदी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विद्यालय के विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक मेहंदी डिजाइनों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता का परिचय दिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को त्योहारों की परंपराओं से जोडऩे के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को भी सामने लाने का अवसर दिया। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय में अनेक रचनात्मक और देशभक्ति गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने तिरंगा फूल निर्माण, तिरंगा दीवार सजावट, स्वतंत्रता सेनानी पोस्टर निर्माण, तिरंगा गुब्बारा सजावट और तिरंगा पतंग निर्माण जैसी गतिविधियों में भाग लिया। विद्यार्थियों की आकर्षक कलाकृतियों से विद्यालय परिसर तिरंगे के रंगों में रंगा नजर आया।

स्वतंत्रता सेनानी पोस्टर निर्माण गतिविधि में विद्यार्थियों ने देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं तिरंगा फूल, दीवार सजावट, गुब्बारा सजावट और पतंग निर्माण जैसी गतिविधियों ने पूरे वातावरण में देशभक्ति का रंग भर दिया। विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी की भावना व्यक्त की। विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम गौतम ने कहा कि त्योहार और राष्ट्रीय पर्व हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों से जोड़ते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति का सम्मान करने, स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और देश के जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के निदेशक आशीष गौतम ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हरियाली तीज प्रकृति, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ती है, जबकि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष और बलिदानों की याद दिलाता है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी जड़ों और देश के इतिहास से जोडऩे का प्रभावी माध्यम हैं। उपप्रधानाचार्या तनुजा ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि सांस्कृतिक और देशभक्ति गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और अपनी संस्कृति के प्रति गौरव की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इसी तरह अपनी प्रतिभा को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के शैक्षणिक प्रमुख चेतन शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को अच्छे संस्कारों और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों से जोड़ना भी है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर हरियाली तीज की खुशियों और स्वतंत्रता दिवस की देशभक्ति भावना को उत्साहपूर्वक मनाया। विद्यालय परिवार ने भारतीय संस्कृति, प्रकृति, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। पूरा कार्यक्रम उत्साह, उमंग, रचनात्मकता और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।