हाथों में तिरंगा, जुबां पर देशभक्ति के नारे, कौशांबी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

-एसीपी सूर्यबली मौर्य के नेतृत्व में निकली यात्रा, पुलिस और नागरिकों ने बढ़ाया राष्ट्रप्रेम का जोश
-कौशांबी थाने से सेंट्रल पार्क तक लहराया तिरंगा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी में शुक्रवार को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इंदिरापुरम जोन के एसीपी सूर्यबली मौर्य के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ पूरे क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने इसका स्वागत किया और तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कौशांबी थाने से हुआ। यहां से यात्रा सुमेर टावर, पंचमणि और उदयगिरि होते हुए सेंट्रल पार्क कौशांबी पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। यात्रा जिस मार्ग से गुजरी, वहां लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

बड़ी संख्या में लोग यात्रा को देखने के लिए सड़क किनारे मौजूद रहे। तिरंगा हाथों में लेकर चल रहे लोगों ने देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी से यात्रा का माहौल पूरी तरह देशभक्तिमय नजर आया। यात्रा के दौरान पप्पू चौपाल की ओर से तिरंगा यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। लोगों ने यात्रा में शामिल पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का उत्साह बढ़ाया। पुष्पवर्षा के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। तिरंगे के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम ने स्थानीय लोगों को भी राष्ट्रप्रेम के साथ जोडऩे का काम किया।

यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश के प्रति अपने दायित्वों का संदेश दिया गया। तिरंगा यात्रा में कौशांबी थाना अध्यक्ष अजय शर्मा, क्षेत्रीय पार्षद कुसुम, मनोज गोयल, राकेश जकेतिया, भाजपा नेता अवधेश कटिहार, राज शर्मा, नामित वार्ष्णेय, हरिओम, गौरव वर्मा, गुप्ता विकल, कुलश्रेष्ठ, जयपाल सिंह, धर्मे ठाकुर, हरमेल सिंह, मुकुल गुप्ता और रवि पटेल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। यात्रा के समापन पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लिया।