-उत्कृष्ट परिणाम से गूंजा प्रताप विहार, शानदार अंकों ने बढ़ाया गाजियाबाद का मान
-लगन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से छात्रों ने हासिल की उल्लेखनीय सफलता
-मेहनत, मूल्य और आधुनिक शिक्षा का संतुलन बना सफलता का आधार: पूनम गौतम
-निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच ही सफलता की असली कुंजी: तनुजा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा बुधवार को वर्ष 2026 की कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के साथ ही विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। इस वर्ष सीबीएसई 10वीं परीक्षा में कुल 93.70 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे, जो शिक्षा के स्तर और विद्यार्थियों की मेहनत का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। प्रताप विहार स्थित गौतम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के साथ-साथ जिले का नाम रोशन किया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई और विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विद्यालय की छात्रा प्रिया ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। वहीं मयंक ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त अरुष और श्रेया ने 93-93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि अभिषेक नेगी ने 91.4 प्रतिशत, दिया ने 91 प्रतिशत तथा चेतन ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इन विद्यार्थियों की सफलता केवल परीक्षा परिणाम नहीं बल्कि उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच का परिणाम है। छात्रों ने नियमित अध्ययन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और समय प्रबंधन के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की।
प्रधानाचार्या ने छात्रों की मेहनत को बताया सफलता की कुंजी
विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम गौतम ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त प्रतिफल है। उन्होंने कहा, ‘हमारे विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत निरंतर की जाए तो सफलता निश्चित मिलती है। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और हम उन्हें केवल परीक्षा के लिए नहीं बल्कि जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और नैतिक मूल्यों का विकास भी है।
विद्यालय में परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थियों ने शिक्षकों का आशीर्वाद लिया और अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता तथा गुरुजनों को दिया। अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की मेहनत की सराहना की। समग्र रूप से यह परिणाम न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है, बल्कि यह दर्शाता है कि सकारात्मक वातावरण, अनुशासित अध्ययन और सही मार्गदर्शन के साथ विद्यार्थी उच्च उपलब्धियां प्राप्त कर सकते हैं। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देने और विद्यार्थियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
उपप्रधानाचार्या और प्रबंधन ने दिया प्रेरणा का संदेश
उपप्रधानाचार्या तनुजा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने का माध्यम होते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में नियमित मूल्यांकन, व्यक्तिगत मार्गदर्शन और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के कारण विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर पाए। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के लक्ष्यों के प्रति सजग रहते हुए निरंतर सीखते रहने की सलाह दी। विद्यालय के डायरेक्टर आशीष गौतम ने इस उपलब्धि को विद्यालय परिवार की सामूहिक सफलता बताते हुए कहा आज के प्रतिस्पर्धी युग में विद्यार्थियों का इस स्तर का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय है।
यह हमारे शिक्षकों की गुणवत्ता, आधुनिक शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है। हमारा प्रयास है कि हर छात्र अपनी क्षमता को पहचानकर आगे बढ़े और समाज का जिम्मेदार नागरिक बने। अकादमिक प्रभारी चेतन शर्मा ने भी छात्रों की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि विद्यालय में विषयगत समझ, अवधारणात्मक अध्ययन और मानसिक संतुलन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि परीक्षा से पहले आयोजित विशेष अभ्यास सत्र, संदेह समाधान कक्षाएं और प्रेरक सत्र विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को मजबूत बनाने में सहायक रहे।
















