राजेंद्रनगर में नक्शे से अधिक तल बनाने को खड़े कॉलम को जीडीए ने किए ध्वस्त

गाजियाबाद। साहिबाबाद क्षेत्र के राजेंद्र नगर सेक्टर-2 में टीएसई हाउसिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्वीकृत नक्शे के विपरीत अतिरिक्त तल का निर्माण करने के लिए खड़े किए गए कॉलम को बुलडोजर चलाकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) टीम ने ध्वस्त कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के अवैध कॉलोनी व अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के आदेश के क्रम में यह कार्रवाई की गई। बुधवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-7 के प्रभारी अधिशासी अभियंता आलोक रंजन के निर्देशन में सहायक अभियंता,अवर अभियंता व जीडीए पुलिस की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
जीडीए प्रवर्तन जोन-7 के प्रभारी आलोक रंजन ने बुधवार को क्षेत्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान भूखंड संख्या-3/63 राजेन्द्र नगर सेक्टर-2, साहिबाबाद निर्माणकर्ता टीएसई हाउसिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्वीकृत मानचित्र से विचलन कर अतिरिक्त तल का निर्माण करने के लिए कॉलम का निर्माण किया जा रहा था। जीडीए प्रवर्तन टीम ने तत्काल प्रभावी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर कॉलम को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही निर्देशित किया कि बगैर मानचित्र स्वीकृति के कोई निर्माण कार्य न कराया जाए।

प्रवर्तन जोन-7 के सहायक अभियंता,अवर अभियंता तथा सुपरवाइजर यह सुनिश्चित कर लें कि अवैध निर्माण पर सतत् निगरानी रखते हुए ध्वस्त किए गए अवैध निर्माण का कार्य पुन: शुरू न होने पाए। जीडीए सीमा क्षेत्र में भूमि पर विधिवत मानचित्र स्वीकृति के अनुसार ही निर्माण किया जाए। आमजन को भी सूचित किया कि किसी भी वाद ग्रस्त एवं विवादित निर्माण में संपत्ति का क्रय-विक्रय न करें।