अंकुश समिति के सभापति के समक्ष जीडीए ने दी प्रगति रिपोर्ट, विकास योजनाओं और निस्तारित प्रकरणों का रखा ब्योरा

-गौतमबुद्धनगर में आयोजित बैठक में विधान परिषद समिति ने नगर विकास से जुड़े मामलों की समीक्षा की, जीडीए उपाध्यक्ष ने प्रस्तुत की योजनाओं की विस्तृत जानकारी

उदय भूमि संवाददाता
गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की अंकुश समिति के सभापति बृजेश कुमार सिंह ‘प्रिन्सू’ की अध्यक्षता में मंगलवार को गौतमबुद्धनगर विश्वविद्यालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए), नगर निगम, आवास एवं विकास परिषद, जिला पंचायत सहित नगर विकास से जुड़े प्रमुख विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने जीडीए से संबंधित प्रकरणों, योजनाओं, प्रस्तावित विकास कार्यों तथा पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की विस्तृत रिपोर्ट समिति के सभापति और अन्य पदाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की।

उपाध्यक्ष ने बताया कि जीडीए द्वारा जनहित से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अधिकांश विवादों का समाधान किया जा चुका है, जिसकी रिपोर्ट समिति को दी गई है। बैठक के दौरान नगर निगम के आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और जिलाधिकारी दीपक मीणा भी मौजूद रहे। समिति के सभापति बृजेश कुमार सिंह ने जीडीए द्वारा संचालित योजनाओं की सराहना की और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों का प्रभावी निस्तारण और योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष ने समिति को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजियाबाद दौरे के दौरान शुभारंभ किए गए ‘पहल पोर्टल’ की प्रगति और प्रभाव को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पोर्टल के माध्यम से अब आम नागरिक जीडीए से जुड़ी शिकायतें और आवेदन अधिक पारदर्शी तरीके से ऑनलाइन दर्ज करा रहे हैं, जिससे शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली में सुधार और जवाबदेही बढ़ी है। बैठक में समिति के अन्य सदस्यों ने भी जीडीए, नगर निगम और जिला प्रशासन के कार्यों की समीक्षा की और सुझाव दिए कि योजनाओं को जनसरोकार के केंद्र में रखते हुए योजनाबद्ध ढंग से आगे बढ़ाया जाए।