गाजियाबाद में फैक्ट्री गिराकर 28 हजार वर्गमीटर में हो रही अवैध प्लाटिंग को जीडीए ने किया सील

– उपाध्यक्ष अतुल वत्स के आदेश पर चला बुलडोजर, अवैध प्लाटिंग करने वालों में मची हड़कंप

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की तगड़ी कार्रवाई लगातार जारी है। उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर शुक्रवार को प्रवर्तन टीम ने पुराने आर्यनगर में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने पुरानी फैक्ट्री की इमारत तोड़कर उसकी जगह 28 हजार वर्गमीटर में चोरी-छिपे की जा रही अवैध प्लाटिंग और निर्माण कार्य को पूरी तरह सील कर दिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक ग्राम महमासराय उर्फ कोट स्थित खसरा संख्या-87, 88, 92, 93, 94, 95, 104 और 105 पर स्मिता कंडक्टर्स नामक पुरानी फैक्ट्री स्थित थी। भू-स्वामी विरेंद्र राज सिंघवी और डायरेक्टर/बिल्डर बृज किशोर गोयल द्वारा इस फैक्ट्री की पुरानी इमारत को गिराकर जमीन को खाली किया गया। इसके बाद इस पूरी भूमि को अवैध रूप से टुकड़ों में बांटकर प्लाटिंग का खेल शुरू कर दिया गया।

मौके पर जब जीडीए प्रवर्तन टीम पहुंची तो पाया कि फैक्ट्री की टूटी हुई बिल्डिंग का मलबा और ईंटें ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाहर भेजी जा रही थीं। वहीं, अवैध निर्माणकर्ता जेसीबी मशीन से शेष दीवारें और ढांचा गिरवाने में जुटे थे। इतना ही नहीं, प्लॉटिंग के लिए कच्ची सड़कें भी बनाई जा रही थीं। गौरतलब है कि जीडीए की ओर से 20 अगस्त को निर्माणकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था और कार्य रोकने का आदेश दिया गया था। मगर इसके बावजूद भू-स्वामी और बिल्डर ने जीडीए की अनुमति लिए बिना अवैध प्लाटिंग और निर्माण कार्य को चोरी-छिपे जारी रखा। शुक्रवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-4 की टीम अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। उनके साथ सहायक अभियंता विनय कुमार, अवर अभियंता गिरिजा शंकर मल्ल और जीडीए पुलिस बल मौजूद था। टीम ने मौके पर मौजूद मलबे, मशीनों और अवैध निर्माण को जब्त किया और पूरी साइट पर सीलिंग की कार्रवाई कर दी।

निर्माणकर्ताओं ने किया विरोध, पुलिस ने काबू पाया
कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं और उनके समर्थकों ने जमकर विरोध किया और जीडीए टीम को रोकने की कोशिश की। मगर जीडीए पुलिस बल ने उन्हें सख्ती से खदेड़ दिया और स्थिति को काबू में किया। इसके बाद कार्रवाई निर्बाध रूप से पूरी की गई।

उपाध्यक्ष अतुल वत्स का सख्त संदेश
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने स्पष्ट कहा कि गाजियाबाद में किसी भी तरह की अवैध प्लाटिंग और अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे मामला कितना ही बड़ा क्यों न हो, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

अगले माह फिर चलेगा अभियान
जीडीए अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई एक बड़ी मुहिम का हिस्सा है। आने वाले माह में भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलिंग अभियान चलाया जाएगा। जीडीए की कार्रवाई से इलाके में संदेश गया है कि गाजियाबाद में बिना स्वीकृति लिए भूखंड काटने और अवैध निर्माण का धंधा अब नहीं चल सकेगा। स्थानीय लोगों ने जीडीए की सख्ती की सराहना की और उम्मीद जताई कि ऐसी कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।