-गांधीनगर और हरसांव में ध्वस्तीकरण, दुकान व मकान सील, विरोध के बीच ढही बिल्डिंग
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि शहर में अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर बुधवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने गांधीनगर और हरसांव गांव में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। अवैध रूप से खड़ी की गई इमारतों को बुलडोज़र से गिराया गया और एक आवासीय भवन को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और माहौल तनावपूर्ण भी हुआ, लेकिन जीडीए अधिकारियों ने बिना किसी दबाव के अपने अभियान को अंजाम दिया। जीडीए प्रवर्तन जोन-4 अंतर्गत गांधीनगर में अमित गुप्ता पुत्र स्वर्गीय यशपाल गुप्ता, निधि गुप्ता पत्नी अमित गुप्ता द्वारा भूखंड संख्या-212, गांधीनगर के आवासीय भवन में किड ओए टॉयस नाम से बच्चों के खिलौने की दुकान तथा एनजीएएम एंड कंपनी,चार्टर्ड एकाउंटेट्स के नाम से सीए का व्यवसायिक गतिविधि कई वर्षों से संचालित की जा रही है। यह सबकुछ बिना अनुमति और नियमों के विरुद्ध हो रहा था।
शिकायत मिलने पर प्राधिकरण ने 19 जुलाई को नोटिस जारी किया, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी अवैध गतिविधियां बंद नहीं की गईं। इसके चलते जीडीए प्रवर्तन टीम बुधवार को मौके पर पहुंची और भवन को सील कर दिया। लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन अधिकारियों ने सख्ती दिखाते हुए स्पष्ट कर दिया कि अब शहर में नियमों की अनदेखी नहीं होगी। वहीं, हरसांव गांव में स्थिति और भी गंभीर थी। यहां नितिन कुमार शर्मा और रवि कुमार शर्मा ने खसरा संख्या-687 व 687/1 पर बिना नक्शा पास कराए तीन मंजि़ला इमारत खड़ी कर दी थी। जबकि प्राधिकरण ने अप्रैल 2024 में ही इन्हें नोटिस जारी कर अवैध निर्माण रोकने के आदेश दिए थे। यहां तक कि मधुबन बापूधाम थाना पुलिस को भी इस संबंध में पत्र भेजा गया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी रहा और देखते ही देखते इमारत तीन मंजि़ल तक खड़ी हो गई। आखिरकार सक्षम अधिकारी के आदेश पर बुधवार को जीडीए प्रवर्तन टीम मौके पर पहुंची और बुलडोज़र चला दिया। दीवारें, छज्जे और ढांचा सब कुछ ढह गया। इस दौरान निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध भी किया, लेकिन पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए उन्हें खदेड़ दिया और कार्रवाई पूरी कराई।
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने पहले ही साफ कर दिया था कि अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास को बाधित करने वालों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। उनकी प्राथमिकता है कि गाजियाबाद को व्यवस्थित और बेहतर शहरी ढांचा मिले, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। बुधवार की कार्रवाई के बाद जीडीए अधिकारियों ने भी सख्त चेतावनी दी कि बिना अनुमति या नक्शा पास कराए कोई भी निर्माण किया गया तो उसे तुरंत ध्वस्त कर दिया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद अवैध निर्माणकर्ताओं और भूमाफियाओं में खलबली मच गई है। वहीं, आम नागरिकों ने जीडीए की इस पहल का स्वागत किया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से अवैध निर्माण और कॉलोनियों के चलते क्षेत्र की सूरत बिगड़ रही थी, लेकिन अब प्राधिकरण की सख्ती से सुधार की उम्मीद जगी है। जीडीए ने यह भी संकेत दिया है कि आने वाले महीनों में और भी बड़ी कार्रवाई होने वाली है और शहर में चल रहे अवैध निर्माण को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

















