दिव्य ज्योति कॉलेज के पास अवैध कॉलोनी पर जीडीए का बुलडोजर अभियान, निर्माण ध्वस्त कर दिया

-निवाड़ी रोड पर 17000 वर्गमीटर क्षेत्र में अनधिकृत निर्माण तोड़ा गया
– कालोनाइजर और निर्माणकर्ताओं का विरोध हुआ, जीडीए पुलिस बल ने किया काबू

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम ने सोमवार को दिव्य ज्योति कॉलेज के पास और निवाड़ी रोड स्थित याकूतपुर मवी में अनधिकृत कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिया। यह वही क्षेत्र है, जहां कुछ दिन पहले भी जीडीए ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की थी, लेकिन कॉलोनाइजर ने पुन: निर्माण शुरू कर दिया और भूखंड बेचने की गतिविधियां तेज कर दी थीं। सोशल मीडिया और स्थानीय शिकायतों के आधार पर जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कार्रवाई की सूचना प्राप्त की। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी और ओएसडी राजीव रतन सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता राजीव कुमार, अवर अभियंता राजन सिंह और अवर अभियंता योगेश वर्मा ने जीडीए पुलिस बल के सहयोग से अनधिकृत कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिया। इस दौरान कालोनाइजर ईशू नेहरा पुत्र रविन्द्र नेहरा, कृष्णापाल, यशवीर उ$र्फ बाबू पुत्र प्रेमचन्द और सुखपाल पुत्र ताराचन्द द्वारा किए जा रहे निर्माण में प्लाटिंग, सड़कों का निर्माण और साईड दीवारों के निर्माण को तोड़ा गया।

जांच में पाया गया कि कॉलोनी का कोई स्वीकृत मानचित्र और स्वामित्व अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया गया था। जीडीए टीम ने बुलडोजर द्वारा सड़कें, भूखंडों की बाउंड्री वॉल और साइट ऑफिस सहित सभी अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए। इस कार्रवाई के दौरान कालोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन जीडीए पुलिस बल ने लाठी फटकार कर उन्हें नियंत्रण में लिया। जीडीए ने स्पष्ट किया कि मोदीनगर-मुरादनगर क्षेत्र में इन दिनों बड़ी संख्या में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही हैं, जिनमें हापुड़ रोड, कादराबाद, निवाड़ी रोड, रोरी, बखरवा, बिसोखर, सारा रोड और अबुपुर, भोजपुर शामिल हैं।

निवाड़ी रोड पर दिव्य ज्योति कॉलेज के पास की कॉलोनी को ध्वस्त किया गया, हालांकि अगले ही दिन निर्माण कार्य शुरू हो गया था। जीडीए का कहना है कि कॉलोनाइजर बिना अनुमति के कॉलोनी शुरू करके आम जनता को झांसे में डालकर प्लाट बुक कराते हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आगामी महीनों में भी अवैध निर्माण को रोकने और ध्वस्तीकरण व सीलिंग की कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान से यह संदेश स्पष्ट हुआ कि गाजियाबाद प्रशासन अवैध निर्माण और प्लाट घोटालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। जीडीए अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सभी अवैध निर्माणों पर बुलडोजर की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और लोगों को चेतावनी दी जाती है कि बिना स्वीकृति किसी भी कॉलोनी में निवेश या निर्माण करना कानूनी रूप से अपराध होगा।