-शक्तिखंड में पूर्व में लगाई सील तोड़कर निर्माण करने पर कार्रवाई, जीडीए प्रवर्तन टीम ने अवैध निर्माण को किया जमींदोज
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम ने सोमवार को इंदिरापुरम के शक्तिखंड में अवैध रूप से बनी बिल्डिंग को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों को समाप्त करने के सख्त निर्देशों के अनुरूप की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-6 के प्रभारी आलोक रंजन के नेतृत्व में सहायक अभियंता पीयूष सिंह, अवर अभियंता गोपाल कृष्ण शर्मा और अवर अभियंता वीके पांडेय ने जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया। शक्तिखंड-1 के भूखंड संख्या-333/10 पर निर्माणकर्ता आलोक विक्रम द्वारा जीडीए की पूर्व में लगाई गई सील को तोड़कर बिल्डिंग बनाने का प्रयास किया गया था, जिसे तत्काल बुलडोजर से नष्ट किया गया।
इसी प्रकार, शक्तिखंड-2 के भूखंड संख्या-90 पर आलोक विक्रम और अहिंसा खंड-2 के भूखंड संख्या-7 पर शिवदीप त्यागी द्वारा किए गए अवैध निर्माण को भी बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। इसके अलावा शक्तिखंड-2 के भूखंड संख्या-89 के संदीप एवं नीतिखंड-1 के भूखंड संख्या-916 और 917 के निर्माणकर्ता अनिल अग्रवाल द्वारा किए गए अवैध निर्माणों को सील किया गया। जीडीए अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माणों के विरुद्ध यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि जीडीए किसी भी कीमत पर अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों को बर्दाश्त नहीं करेगा। उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहर का नियोजित विकास सुचारू रूप से हो और जनता को सुरक्षित और व्यवस्थित आवासीय सुविधाएँ मिल सकें।
जीडीए प्रवर्तन टीम ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अवैध निर्माण के मामलों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। ऐसे किसी भी निर्माण में शामिल लोग कानूनी कार्रवाई के दायरे में आएंगे। अधिकारियों ने कहा कि जनता को यह समझना चाहिए कि अनाधिकृत निर्माण न केवल कानून के विरुद्ध है, बल्कि यह सुरक्षा और शहर की नियोजित विकास योजनाओं के लिए भी खतरा है। इस अभियान के तहत इंदिरापुरम क्षेत्र में जीडीए लगातार निगरानी रख रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अवैध निर्माण में सहयोग न करें और अगर किसी को अवैध निर्माण की जानकारी मिले तो तुरंत जीडीए को सूचित करें। इससे न केवल अवैध निर्माण रोका जा सकेगा, बल्कि शहर का नियोजित विकास और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित होगी। जीडीए प्रवर्तन टीम की यह कार्रवाई इंदिरापुरम और आसपास के क्षेत्रों में अवैध निर्माण को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। शहरवासियों ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे नियोजित और सुरक्षित शहर के निर्माण में मदद मिलेगी।
















